लाइव खगड़िया : जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत असम रोड चौक पर स्थित एक ‘रेस्ट हाउस’ में पुलिस ने छापेमारी कर एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। गोगरी SDPO साक्षी कुमारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में रेस्ट हाउस के संचालक, मालिक सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिसमें नाबालिग लड़की के साथ अनैतिक कृत्य करते हुए एक युवक भी शामिल हैं।
गुप्त सूचना पर SDPO के नेतृत्व में कार्रवाई
गोगरी SDPO साक्षी कुमारी ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि महेशखूंट स्थिति एक रेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन कर शुक्रवार को रेस्ट हाउस में अचानक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान रेस्ट हाउस के कमरों से महिला और पुरुषों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। पुलिस ने मौके से कई फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामग्रियां भी जब्त की हैं।
रेस्ट हाउस के संचालक व मालिक गिरफ्तार
मामले में होटल का संचालक और मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रेस्ट हाउस का इतिहास पुराना है। वर्ष 2016 में भी तत्कालीन गोगरी एसडीपीओ राजन कुमार सिन्हा के नेतृत्व में इसी संचालक के ‘रेस्ट हाउस’ पर छापेमारी हुई थी, जहां से आधा दर्जन से अधिक लोग पकड़े गए थे। उस समय जेल जाने के बाद, आरोपी ने रेस्ट हाउस का नाम बदल लिया, लेकिन उसके भीतर अनैतिक गतिविधियां वैसी ही चलती रहीं।
पोक्सो एक्ट और नए कानून (BNS) के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने होटल से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस मामले में महेशखूंट थाना में कांड संख्या- 83/26 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ नए कानून, भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 143, 144, 145, 318(4), 238, 61(2) के साथ-साथ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5, 6, 7, 8 और पोक्सो (POCSO) एक्ट 2012 की धारा 4/8 के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में SDPO साक्षी कुमारी के अलावा गोगरी के अंचल निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार सिंह, महेशखूंट थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, गोगरी थाना के दिनेश कुमार, प्रोबेसनर सब-इंस्पेक्टर पूजा भारती, उमेश कुमार एवं भारी संख्या में सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई
महेशखूंट थाना क्षेत्र में एक महीने के भीतर सेक्स रैकेट पर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले बीते 13 अप्रैल 2026 को भी डीएसपी साक्षी कुमारी के नेतृत्व में एनएच 107 स्थित एक ‘मेडिकल हॉल’ सह क्लीनिक की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़ किया गया था। उस समय भी क्लीनिक संचालक डॉक्टर दंपती समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
“मामले में शामिल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। नाबालिग लड़की से भी पूछताछ कर उसे काउंसिलिंग के लिए भेजा जा रहा है। क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनैतिक और अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे होटलों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।” — साक्षी कुमारी, SDPO, गोगरी
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
