लाइव खगड़िया: जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र अंतर्गत राजधाम गांव में बुधवार देर शाम अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इस हिंसक झड़प में उत्पाद विभाग की महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) विष्णु प्रिया और दूसरे पक्ष की एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए गोगरी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।
गुप्त सूचना पर पहुंची थी उत्पाद टीम
बताया जाता है कि उत्पाद विभाग को राजधाम गांव में अवैध शराब की बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर टीम छापेमारी के लिए मौके पर पहुंची और ब्रेथ टेस्ट (सांस की जांच) कराने का प्रयास किया गया। टीम को देखकर कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि एक संदिग्ध व्यक्ति घर के अंदर चला गया। इसके बाद टीम ने घर की तलाशी और उस शख्स का ब्रेथ टेस्ट कराने की कोशिश की।
महिला SI का आरोप: हमला किया गया
एसआई विष्णु प्रिया का आरोप है कि घर की तलाशी और ब्रेथ टेस्ट का मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध किया। इस दौरान हमला भी किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं।
दूसरे पक्ष का घर में घुसकर मारपीट का आरोप
जबकि दूसरे पक्ष की उषा देवी ने उत्पाद विभाग की टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उषा देवी के अनुसार, उनके पति शराब नहीं पीते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्पाद विभाग की टीम उनके पति को जबरन शराब पीने के आरोप में साथ ले जाना चाहती थी। जब उनकी बेटी मुस्कान कुमारी ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि उत्पाद विभाग की टीम ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिससे उनकी बेटी मुस्कान को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उत्पाद विभाग की टीम पांच बार उनके घर आ चुकी है और हर बार शराब न मिलने के बावजूद उनके परिवार को प्रताड़ित किया जाता है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर महेशखूंट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। साथ ही दोनों पक्षों के घायलों का गोगरी अनुमंडल अस्पताल में इलाज कराया गया। बहरहाल पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।






