मुख्य सामग्री पर जाएं
बेलदौर

बेलदौर में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, मिट्टी लदे 9 ट्रैक्टर जब्त, माफियाओं में हड़कंप

IMG 20260515 WA0024

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिला प्रशासन के निर्देश पर अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है। खनन निरीक्षक सपना कुमारी के नेतृत्व में की गई छापेमारी में जिले के बेलदौर प्रखंड के पचौत और तिलाठी गांवों से मिट्टी लदे 9 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। विभाग की इस औचक कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

अलसुबह हुई छापेमारी, जेसीबी संचालक फरार

जानकारी के अनुसार, खनन निरीक्षक सपना कुमारी ने पुलिस बल के साथ शुक्रवार तड़के सबसे पहले पचौत गांव में दबिश दी। यहाँ से 7 ट्रैक्टरों को अवैध मिट्टी लोडिंग की स्थिति में पकड़ा गया। छापेमारी की भनक लगते ही खनन में लगी जेसीबी का संचालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। प्रशासन ने फरार जेसीबी को चिन्हित कर लिया है और उसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसके बाद टीम ने तिलाठी गांव में कार्रवाई करते हुए 2 अन्य मिट्टी लदे ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में लिया। सभी जब्त वाहनों को बेलदौर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

50% OFF On Amazon, Click Here

सड़क पर मिट्टी खाली कर भागे माफिया

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी की खबर जैसे ही अन्य ट्रैक्टर संचालकों को लगी, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के डर से दर्जनों ट्रैक्टर संचालक सड़क पर ही मिट्टी अनलोड कर भाग निकले।

“पकड़े गए सभी वाहनों के मालिकों पर विभागीय नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। भारी जुर्माना वसूलने के बाद ही ट्रैक्टरों को मुक्त करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।”
सपना कुमारी, खनन निरीक्षक

कुल जब्ती: 09 ट्रैक्टर (मिट्टी लदे हुए)।
स्थान: पचौत (07 ट्रैक्टर) एवं तिलाठी (02 ट्रैक्टर), बेलदौर।
कार्रवाई का नेतृत्व: खनन निरीक्षक सपना कुमारी।
अगला कदम: फरार जेसीबी की तलाश और भारी जुर्माने की वसूली।

शेयर
error: Content is protected !!