लाइव खगड़िया : जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत नीरपुर पंचायत के जमुआ गांव में बुधवार की सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। वहीं पिता की मृत्यु के बाद विलाप कर रहे परिजनों पर उनके ही ‘सनकी’ पुत्र ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के सदस्यों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
शव के पास विलाप कर रहे थे परिजन, तभी हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, जमुआ निवासी 70 वर्षीय उग्रसेन उर्फ उगो पाठक की बुधवार सुबह लंबी बीमारी के बाद स्वाभाविक मृत्यु हो गई थी। घर में कोहराम मचा था और परिजन शव के पास बैठकर विलाप कर रहे थे। इसी बीच, मृतक का पुत्र प्रदीप पाठक अचानक हिंसक हो उठा और हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अपने ही परिजनों पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पड़ोसियों को भी उसने नहीं बख्शा।
घायलों की सूची और स्थिति
हमले में घायल हुए लोगों को आनन-फानन में सदर अस्पताल खगड़िया भेजा गया है। घायलों में बच्चन देवी, रीता देवी, सीमा देवी, मंजू देवी, हरिलाल यादव व क्षत्री यादव (पड़ोसी) का नाम शामिल है। चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में से तीन की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार, एसआई भानुप्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रदीप पाठक को वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, प्रदीप पाठक का व्यवहार पहले से ही असामान्य रहा है, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि वह अपने पिता की मृत्यु के दिन ही इस तरह की खौफनाक वारदात को अंजाम देगा। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।






