मुख्य सामग्री पर जाएं
चौथम

करुआमोड़ में रात के अंधेरे में बरपा काल, बदमाशों ने उजाड़ दिया हंसता-खेलता परिवार

IMG 20260601 135224

लाइव खगड़िया : जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत करुआमोड़ के समीप रविवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर सो रहे एक ही परिवार के पांच लोगों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो मासूम बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद सोमवार सुबह सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने रचना कुमारी (28 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान मूल रूप से ठुठी मोहनपुर पंचायत के खरैता निवासी जयकांत पासवान की पुत्री के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य सदस्यों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

पीड़ित परिवार के सदस्यों की सूची

इस जानलेवा हमले में हताहत हुए लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं:

मृतका

रचना कुमारी (28 वर्ष): (जयकांत पासवान की पुत्री)।

जख्मी

जयकांत पासवान (50 वर्ष): मृतका के पिता
पार्वती देवी (45 वर्ष): मृतका की मां
परी कुमारी (11 वर्ष): मृतका की पुत्री
यश कुमार: मृतका के पुत्र

सोते समय बदमाशों ने बोला धावा

मिली जानकारी के अनुसार, जयकांत पासवान का परिवार मूल रूप से खरैता गांव का रहने वाला है, लेकिन लगभग एक वर्ष पूर्व वे करुआमोड़ में अपना मकान बनाकर यहाँ रहने लगे थे। रविवार की देर रात जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग मदद के लिए आते, बदमाश घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल भेजा गया था।

पुलिस की कार्रवाई:

घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह सदर डीएसपी-1 मुकुल रंजन पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। उधर घटनास्थल पर भी चौथम थाना की पुलिस पहुंच कर जांच-पड़ताल में जुट गई है। साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए मामले की छानबीन में जुट गई है।

शेयर
error: Content is protected !!