लाइव खगड़िया : जिले के चौथम थाना अंतर्गत भूतौली मालपा गांव में मंगलवार को एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से घंटों अफरा-तफरी मची रही। पारिवारिक विवाद के बाद उपजे इस ‘हाई वोल्टेज ड्रामे’ ने स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की सांसें अटका दीं।
विवाद की वजह: मां की कड़वी बात
मिली जानकारी के अनुसार, राम प्रसाद सदा का पुत्र मनखुश कुमार अपनी मां से किसी बात को लेकर उलझ गया था। बहस के दौरान मां ने आवेश में आकर उसे ‘मर जाने’ की बात कह दी। इस बात से आहत होकर मनखुश घर से निकला और पास ही स्थित एक ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा।
प्रशासनिक सूझबूझ से टला हादसा
युवक को टावर पर देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही चौथम थाना के एएसआई अभिमन्यु सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की और उसे दोबारा ऐसा कदम न उठाने की हिदायत देकर परिजनों को सौंप दिया।
चिंता का विषय: एक सप्ताह में दूसरी घटना
हैरानी की बात यह है कि चौथम क्षेत्र में मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने की यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है। कुछ दिन पूर्व एक युवती प्रेम प्रसंग के मामले में शादी से इनकार किए जाने पर इसी टावर पर चढ़ गई थी। स्थानीय बुद्धिजीवियों और प्रशासन ने इन घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है। लोगों का मानना है कि छोटी-छोटी बातों और भावनात्मक आवेश में उठाए जा रहे ये कदम जानलेवा साबित हो सकते हैं। परिवारों में संवाद की कमी और मानसिक दबाव ऐसी घटनाओं का मुख्य कारण बनकर सामने आ रहा है।






