लाइव खगड़िया : जिले में इन दिनों मोबाइल टावर न सिर्फ नेटवर्क, बल्कि ‘इश्क के जुनून’ का भी केंद्र बनते जा रहे हैं। शुक्रवार को जिले के चौथम थाना क्षेत्र के धुतौली पंचायत के एक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की अपनी जान की परवाह किए बिना मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर जा चढ़ी।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि लड़की किसी युवक से प्रेम करती थी, लेकिन प्रेमी के परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया। प्यार में मिले इस धोखे और हताशा ने नाबालिग को इस कदर परेशान किया कि उसने विरोध जताने के लिए टावर को ही अपना मंच बना लिया।

नीचे भीड़, ऊपर लड़की और बीच में पुलिस
लड़की को इतनी ऊंचाई पर देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग नीचे से उतरने की गुहार लगाते रहे, लेकिन लड़की नीचे आने को तैयार नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही चौथम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस के लिए चुनौती यह थी कि कोई भी गलत कदम लड़की को नीचे गिरने पर मजबूर कर सकता था।
सफल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
काफी देर तक चले इस ‘हाई वोल्टेज ड्रामे’ के बाद, पुलिस और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय दिया। लड़की को भावनात्मक रूप से समझा-बुझाकर और सुरक्षित नीचे उतारने का भरोसा दिलाकर आखिरकार टावर से उतारा गया। समय रहते पुलिस की तत्परता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
खगड़िया बना ‘टावर ड्रामे’ का गढ़!
हैरानी की बात यह है कि खगड़िया में टावर पर चढ़ने की यह पहली घटना नहीं है। इसी महीने की 8 अप्रैल को तेताराबाद गांव में भी एक युवक अपनी प्रेमिका द्वारा नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद 5 घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा था।
बिहार के मोतिहारी और मधुबनी से भी हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई हैं, जो यह दर्शाती हैं कि आज का युवा वर्ग तनाव और आवेश में आकर अपनी जान जोखिम में डालने से पीछे नहीं हट रहा है।






