लाइव खगड़िया : जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत मदारपुर (महेशखूंट) निवासी डॉ. वेद प्रकाश ने चिकित्सा जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। मुंबई के प्रतिष्ठित वेस्टिन होटल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (IAGES-ELSA-2026) में डॉ. प्रकाश को शल्य चिकित्सा के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए चार प्रतिष्ठित फेलोशिप से सम्मानित किया गया।
इन क्षेत्रों में मिली विशेषज्ञता की उपाधि
डॉ. वेद प्रकाश को उनके समर्पण और विशेषज्ञता के लिए निम्नलिखित मानद उपाधियाँ प्रदान की गईं:
- डायग्नोस्टिक एंडोस्कोपी: FIAGES (IGIMS, पटना)
- थेरप्यूटिक एंडोस्कोपी: EFIAGES (मुंबई)
- कोलोनोस्कोपी: FAGIE (टाटा हॉस्पिटल, जमशेदपुर)
- रोबोटिक सर्जरी: FALS-Robotics (मैक्स हॉस्पिटल, साकेत, नई दिल्ली)

उपलब्धियों से भरा करियर
वर्तमान में डॉ. वेद प्रकाश NMCH, सासाराम में जनरल सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर सह विभागाध्यक्ष (HOD) के रूप में अपनी सेवा दे रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने खगड़िया का मान बढ़ाया हो; इससे पूर्व वर्ष 2025 में उन्हें ‘फाल-हर्निया’ (कोलकाता) में विशिष्ट कार्य के लिए भारत के माननीय न्यायमूर्ति बी. आर. गवाई द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
”डॉ. प्रकाश ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता (स्वर्गीय उर्मिला विद्यार्थी), पिता बिजेंद्र कुमार विद्यार्थी और अपने सहयोगियों के मार्गदर्शन को दिया है।”
क्षेत्र में खुशी की लहर
एक साथ चार अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप मिलने की खबर से महेशखूंट सहित पूरे खगड़िया जिले में हर्ष का माहौल है। स्थानीय बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों का कहना है कि डॉ. प्रकाश की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।






