मुख्य सामग्री पर जाएं
मानसी

38.3 लीटर प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Poster 2026 09 07 110312

लाइव खगड़िया : जिले के मानसी थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे छापेमारी अभियान के तहत पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

मानसी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एकनियां गांव निवासी अजीत कुमार अपने भुसा रखने वाले घर में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन सिरप छिपाकर अवैध कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मानसी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त घर की घेराबंदी कर तलाशी ली।

मिट्टी के नीचे छिपाकर रखा गया था सिरप

तलाशी के दौरान घर में मिट्टी के नीचे छिपाकर रखी गई 100-100 एमएल की कुल 383 बोतलें (यानी कुल 38.3 लीटर) प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। मौके से भागने का प्रयास कर रहे दो अभियुक्तों—अजीत कुमार और रामशकल कुमार (ग्राम- एकनियां, वार्ड नं- 06, थाना- मानसी)—को पुलिस बल के सहयोग से घेरकर दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों ने लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है।

दर्ज हुआ मामला

इस संबंध में मानसी थाना कांड संख्या 248/26, दिनांक 07.09.2026, एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धारा 21(C) के तहत दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में मानसी थानाध्यक्ष सह पु०अ०नि० दीपक कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

शेयर
error: Content is protected !!