मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राशि वसूली के दौरान करंट लगने से फाइनेंसकर्मी की मौत

IMG 20260912 WA0019

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित माधवपुर पंचायत के विष्णुपुर गांव में शनिवार को बिजली करंट की चपेट में आने से एक फाइनेंस कंपनी के कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक की पहचान नवगछिया अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहारा गद्दी गांव निवासी 26 वर्षीय प्रशांत कुमार, पिता पप्पू यादव के रूप में हुई है। वह भारत फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था।

कैसे हुई घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशांत कुमार फाइनेंस कंपनी की राशि की वसूली के सिलसिले में विष्णुपुर गांव पहुंचा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परबत्ता पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आशीष कश्यप ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मुखिया ने की जांच और मुआवजे की मांग

माधोपुर पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार सिंह उर्फ बंटू सिंह ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि बाढ़ की इतनी गंभीर और विकट स्थिति के बावजूद फाइनेंस कंपनी द्वारा कर्मी को राशि वसूली के लिए जोखिम भरे इलाके में भेजा जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने इसकी उच्चस्तरीय जांच कराने, कंपनी के विरुद्ध मामला दर्ज करने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन परबत्ता अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

शेयर
error: Content is protected !!