मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान डूबा 15 वर्षीय छात्र, मैट्रिक परीक्षा में किया था स्कूल टॉप

IMG 20260910 205600

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के लगार पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-7 में गंगा नदी के बाढ़ के पानी में स्नान करने के दौरान 15 वर्षीय छात्र नवनीत कुमार की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक बृजेश यादव का इकलौता पुत्र था।

घटना: उत्क्रमित उच्च विद्यालय टिमापुर लगार का छात्र नवनीत कुमार बाढ़ के पानी में स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया।

बचाव कार्य: आपदा मित्र ऋषि कुमार, सूरज, पंकज, कृष्णा, नीतीश और जयकांत तथा स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन अभियान चलाकर शव को बरामद किया गया।

प्रशासनिक कार्रवाई: अंचलाधिकारी हरिनाथ राम मौके पर पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया।

परिजनों को मिला मुआवजा

आपदा विभाग के प्रावधानों के तहत जिला प्रशासन के निर्देश पर मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये का सहायता चेक प्रदान किया गया। स्थानीय विधायक बाबूलाल शौर्य, अंचलाधिकारी हरिनाथ राम और जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश यादव की उपस्थिति में यह राशि परिजनों को सौंपी गई। अधिकारियों ने इस दौरान लोगों से बाढ़ के समय नदियों और गहरे पानी से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

प्रतिभाशाली छात्र था नवनीत

मृतक छात्र नवनीत ने हाल ही में संपन्न हुई मैट्रिक परीक्षा में अपने विद्यालय में बेहतर प्रदर्शन करते हुए टॉप किया था। इकलौते बेटे की इस आकस्मिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ज्ञात हो कि गंगा नदी की बाढ़ से लगार पंचायत के करीब आधा दर्जन वार्ड वर्तमान में प्रभावित हैं।

शेयर
error: Content is protected !!