मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

स्वास्थ्यकर्मियों से साइबर ठगी: नायब सूबेदार बनकर मांगी गई थी जानकारी, मामला दर्ज

IMG 20260908 WA0015

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : बाढ़ की अफरा-तफरी के बीच साइबर ठगों ने प्रशासनिक अधिकारी बनकर स्वास्थ्यकर्मियों को अपना निशाना बनाया है। खुद को जिला आपदा शाखा, समाहरणालय खगड़िया का नायब सूबेदार बताकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता के स्वास्थ्यकर्मियों से ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने परबत्ता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मोबाइल नंबर 7828230837 से एक व्यक्ति ने खुद को जिला आपदा शाखा का ‘अशोक कुमार मीणा, नायब सूबेदार’ बताया। उसने बाढ़ की स्थिति का हवाला देते हुए अस्पताल के सभी स्वास्थ्यकर्मियों के नाम और मोबाइल नंबर मांगे। आपात स्थिति को देखते हुए कार्यालय द्वारा उसे स्वास्थ्यकर्मियों की सूची उपलब्ध करा दी गई।

सरकारी योजनाओं का झांसा देकर की गई पैसों की मांग

सूची मिलने के अगले दिन यानी 7 सितंबर को उसी नंबर से कई स्वास्थ्यकर्मियों को फोन और व्हाट्सऐप कॉल कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया गया। इसके एवज में उनसे अलग-अलग राशि की मांग की गई। विश्वास में आकर कुछ स्वास्थ्यकर्मियों ने बिना पहचान की पुष्टि किए ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया।

सामने आए संदिग्ध नंबर और नाम

ऑनलाइन भुगतान के दौरान यूपीआई आईडी boim-421687980831@boi और ‘Rakesh Saikh’ नाम प्रदर्शित हुआ, जबकि व्हाट्सऐप पर आरोपी की प्रोफाइल का नाम ‘Ashok Meena Sir ji’ शो हो रहा था। पुलिस को दिए गए आवेदन में इन सभी साक्ष्यों और व्हाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट को संलग्न किया गया है।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने पुलिस प्रशासन से साइबर अपराध की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचने की गुहार लगाई है। पुलिस अब मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।

शेयर
error: Content is protected !!