लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत राज कोलवारा में वित्तीय अनियमितता और कथित भ्रष्टाचार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2022-23 की एक पेवर ब्लॉक निर्माण योजना में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) संजय कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) संतोष कुमार पंडित ने गुरुवार को संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया।
क्या है पूरा मामला ?
पंचायत समिति क्षेत्र संख्या-13 के अंतर्गत योजना संख्या 25/2022-23 के तहत हिमांशु प्रसाद मंडल के घर से ज्योति प्रकाश के घर तक पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण के लिए 14 लाख 85 हजार 300 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। पंचायत समिति सदस्य (क्षेत्र संख्या-09) रोशन रजक ने एसडीओ को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि कागजों पर ही निर्माण कार्य दिखाकर पूरी राशि की निकासी और भुगतान कर लिया गया है, जबकि धरातल पर योजना का कोई नामो-निशान नहीं है।
निरीक्षण में गायब मिले पेवर ब्लॉक
शिकायत के आधार पर प्रशासनिक अमले ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया। स्थलीय जांच के दौरान अधिकारियों को निर्धारित स्थल पर एक भी पेवर ब्लॉक लगा हुआ नहीं मिला, जिससे शुरुआती तौर पर भ्रष्टाचार के आरोपों को बल मिला है।

अधिकारियों का पक्ष
गोगरी एसडीओ संजय कुमार ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण के दौरान मौके पर पेवर ब्लॉक नहीं पाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ को संबंधित संचिका (फाइल) जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। संचिका के अवलोकन और तकनीकी जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल: धरातल से गायब है विकास राशि
करीब 14.85 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत होने के बावजूद जमीन पर पेवर ब्लॉक नदारद रहना स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करता है। फिलहाल, क्षेत्र के लोगों की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।






