लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र): जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के जगन्नाथ राम उच्च विद्यालय, सलारपुर की वर्षों पुरानी जर्जर इमारत शनिवार अहले सुबह भारी बारिश के दौरान भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
वर्ष 1948 के आसपास निर्मित इस विद्यालय के करीब छह पुराने भवन अत्यधिक जर्जर हो चुके थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रशासन ने इनमें शिक्षण कार्य पहले ही बंद कर इन्हें परित्यक्त घोषित कर दिया था। शनिवार को हुई बारिश के कारण इनमें से तीन भवनों का बरामदा और छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया।
प्रधानाध्यापक नवीन कुमार ने बताया कि शेष बचे तीन पुराने भवन भी बेहद दयनीय स्थिति में हैं और कभी भी गिर सकते हैं। हालांकि, विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि रखते हुए इनमें कोई भी शैक्षणिक गतिविधि नहीं कराई जा रही है।
वर्तमान में विद्यालय में नामांकित 1100 से अधिक छात्र-छात्राओं के लिए पठन-पाठन का कार्य परिसर में ही नवनिर्मित छह नए कमरों में सुचारू रूप से संचालित हो रहा है। विद्यालय प्रशासन द्वारा इन खतरनाक एवं जर्जर भवनों की पूरी स्थिति से विभाग को अवगत करा दिया गया है।






