लाइव खगड़िया : जिले के परबत्ता प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय मुरादपुर में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के किचन की व्यवस्था और विद्यालय के संचालन में अनियमितता की शिकायतों के बाद बुधवार को प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईईओ) रजनीश कुमार ने विद्यालय पहुंचकर मामले की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान पंचायत के मुखिया आशुतोष कुमार सिंह उर्फ बंटू सिंह, ग्रामीण शिक्षा समिति की सचिव काजल कुमारी और अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।
किचन की व्यवस्था मिली असंतोषजनक
जांच के दौरान प्रभारी बीईईओ ने विद्यालय की व्यवस्थाओं के विभिन्न पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की। इस दौरान एमडीएम का किचन सुदृढ़ नहीं पाया गया। बीईईओ रजनीश कुमार ने बताया कि किचन की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। विद्यालय संचालन से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी जांच की गई है, और इसकी रिपोर्ट तैयार कर वरीय पदाधिकारियों को सौंपी जा रही है। उन्होंने प्रधानाध्यापक सतीश चंद्र झा को व्यवस्था में तुरंत सुधार लाने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानाध्यापक पर मनमानी और बिना सहमति राशि खर्च करने का आरोप
ग्रामीण शिक्षा समिति की सचिव काजल कुमारी ने प्रधानाध्यापक सतीश चंद्र झा पर गंभीर आरोप लगाते हुए बीईईओ को लिखित शिकायत सौंपी है।
मुख्य आरोप: सचिव का आरोप है कि प्रधानाध्यापक द्वारा शिक्षा समिति की किसी भी बैठक या सहमति के बिना विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
वित्तीय अनियमिता: शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय के विकास और बच्चों की शिक्षा पर खर्च होने वाली राशि का उपयोग समिति को विश्वास में लिए बिना, पूरी तरह मनमाने तरीके से किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, विद्यालय की वित्तीय गतिविधियों की समीक्षा करने तथा दोषी पाए जाने पर प्रधानाध्यापक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।






