लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता प्रखंड के खीराडीह गांव में गंगा की उपधारा पार करने के दौरान 76 वर्षीय पशुपालक जय नारायण तांती की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार अहले सुबह आपदा मित्रों और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने कढ़ी मशक्कत के बाद शव को बरामद कर लिया।
घटनास्थल: अगुवानी घाट स्थित गंगा की उपधारा (अनिल बथान पुल के समीप)।
मृतक की पहचान: जय नारायण तांती (76 वर्ष), पिता- नानकेशर तांती, माता- रामा देवी, निवासी- खीराडीह वार्ड संख्या-03।
समय: सोमवार संध्या को हादसा हुआ और मंगलवार अहले सुबह शव बरामद किया गया।
कैसे हुआ हादसा:
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, मृतक सोमवार को डुमरिया बुजुर्ग स्थित भगवती मंदिर में रामधुनी गाकर लौटे थे।
इसके पूर्व वे प्रतिदिन की तरह अपने पशुओं के लिए चारा लेकर गंगा की उपधारा पार कर रहे थे। इसी दौरान अनिल बथान पुल के समीप वे अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए।

बताया जाता है कि प्रत्यक्षदर्शी बबलू साह ने उन्हें डूबते देख बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
तलाशी और बचाव अभियान:
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। रात में अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण खोजबीन अभियान में बाधा आई। मंगलवार अहले सुबह आपदा मित्रों और स्थानीय गोताखोरों (ऋषि कुमार, रीतेश कुमार, सूरज कुमार, अमृत कुमार, कृष्णा कुमार, पंकज कुमार मंडल, रूपेश कुमार और जयकांत मंडल) की टीम ने व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा: पुलिस व प्रशासन ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुआवजे का आश्वासन: अंचलाधिकारी (CO) हरिनाथ राम ने कहा है कि नियमानुसार कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।






