मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

​परबत्ता के दो होनहारों ने नीट यूजी में लहराया परचम, रिया और तारीक की सफलता से क्षेत्र में खुशी

IMG 20260717 220832 1 Scaled

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र): राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट यूजी (NEET-UG) 2026 के परिणाम में जिले के परबत्ता प्रखंड के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर न केवल अपने माता-पिता का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। 16 जुलाई को घोषित परिणामों में रिया कुमारी और तारीक अनवर ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर सफलता का मुकाम हासिल किया है।

रिया कुमारी ने तीसरे प्रयास में पाई सफलता

खजरैठा गांव निवासी किसान रजनीश राय और ब्यूटी देवी की पुत्री रिया कुमारी ने 720 में से 561 अंक प्राप्त किए हैं। रिया की यह सफलता उसके तीन वर्षों के निरंतर संघर्ष का परिणाम है। पूर्व जिला परिषद सदस्य पंकज कुमार राय ने रिया की इस कामयाबी का श्रेय उसके माता-पिता के त्याग और मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने बताया कि रिया की मां ने कोटा और भागलपुर में रहकर उसकी पढ़ाई में हरसंभव सहयोग किया, जिसका सुखद परिणाम आज सामने आया है।

तारीक अनवर की लगन बनी प्रेरणा

वहीं, मड़ैया इस्लामपुर निवासी शिक्षक ताज आलम और तारा खातून के पुत्र तारीक अनवर ने 720 में से 518 अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। तारीक ने भी तीसरे प्रयास में यह मुकाम हासिल किया। स्थानीय शिक्षक मोहम्मद रियाजुद्दीन ने तारीक को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे माता-पिता का मार्गदर्शन, अथक मेहनत और स्वयं तारीक की लगन का बड़ा योगदान है। तारीक की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए एक नई प्रेरणा बनेगी।

पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल

रिया और तारीक की इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, परिजनों और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त किया है। दोनों विद्यार्थियों की सफलता ने परबत्ता क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल पैदा कर दिया है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर की कामना की है।

टैग:
शेयर करें
शेयर
error: Content is protected !!