लाइव खगड़िया : जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) भानू प्रताप सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुफ़स्सिल थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने मौके से हथियार बनाने के उपकरण और एक निर्मित देसी कट्टा बरामद किया है, हालांकि मुख्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा।

मक्के के खेत और नदी का फायदा उठाकर भागा आरोपी
प्राप्त विवरण के अनुसार, मुफ़स्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नन्हेंदू मंडल टोला निवासी अभ्यास यादव नन्हेंदू मंडल बहियार इलाके में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री का संचालन कर रहा है। वह यहाँ अवैध हथियारों का निर्माण कर उनकी बिक्री करता था।
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुफ़स्सिल थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब नन्हेंदू मंडल बहियार मंजीरा के खेत में घेराबंदी कर छापेमारी की, तो वहाँ हथियार बनाने की पूरी व्यवस्था पाई गई। पुलिस को देखते ही आरोपी अभ्यास यादव खेत में खड़ी फसल और पास की नदी का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

बरामद किए गए उपकरणों की सूची
पुलिस ने मौके से अवैध हथियार बनाने में प्रयुक्त निम्नलिखित सामान जब्त किए हैं:
देशी कट्टा: लोहे का 01 देशी कट्टा (बट की लंबाई लगभग 4 अंगुल, बॉडी लगभग 5 अंगुल और बैरल लगभग 6 अंगुल)।
मशीन: हथियार बनाने की 01 पीस मशीन।
हैंड ड्रिल मशीन: 01 पीस।
हेक्सा (आरी): ब्लेड लगा हुआ 01 हेक्सा।
लकड़ी की शीट: करीब 12 इंच लंबी और 5 इंच चौड़ी लकड़ी की शीट (01 पीस)।
लोहे का चदरा: करीब 12 इंच लंबा और 4 इंच चौड़ा लोहे का चदरा शीट (01 पीस)।
मुड़ा हुआ लोहे का चदरा: करीब 24 इंच लंबा और 4 इंच चौड़ा मुड़ा हुआ चदरा शीट (01 पीस)।
लोहे की पट्टी: करीब 5 इंच लंबी और 1 इंच चौड़ी लोहे की पट्टी (03 पीस)।
पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी टीम
इस मामले को लेकर मुफ़स्सिल थाने में कांड संख्या 102/26 (दिनांक 14.07.2026) के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a / 25(1)(a) / 26(1) / 26(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली छापेमारी टीम में मुख्य रूप से पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह, मुफ़स्सिल थाना, पु०अ०नि० संगीता कुमारी, मुफ़स्सिल थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
