लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र): जिले के परबत्ता प्रखण्ड के खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी खबर है। बिहार सरकार के खेल विभाग ने उच्च विद्यालय, कन्हैयाचक के खेल मैदान में 200 मीटर एथलेटिक्स ट्रैक सहित प्रखण्ड स्तरीय आउटडोर स्टेडियम के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। इस परियोजना के लिए ₹127.46 लाख (एक करोड़ सत्ताईस लाख छियालिस हजार रुपये) की तकनीकी अनुमोदित प्राक्कलन पर प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
खेल विभाग के अनुसार, इस राशि का प्रावधान वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के अंतर्गत किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आधुनिक सुविधाएं देना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना है।

भवन निर्माण निगम कराएगा काम, तय समय में सौंपने के निर्देश
स्वीकृति आदेश के अनुसार, इस स्टेडियम के निर्माण की जिम्मेदारी बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, पटना को सौंपी गई है। विभाग ने निर्देश दिया है कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों और तय बजट के अनुरूप ही होना चाहिए। काम पूरा होने के एक सप्ताह के भीतर स्टेडियम को जिला प्रशासन, खगड़िया को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
मामले का दूसरा पहलू: 15 वर्षों से अधूरी योजना का दंश
एक तरफ जहां नई राशि की स्वीकृति से उम्मीदें जगी हैं, वहीं दूसरी तरफ यह मैदान पिछले 15 वर्षों से लापरवाही और लेती-लतीफी का गवाह रहा है।
इंटर उच्च विद्यालय कन्हैयाचक के इसी मैदान में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत बहुत पहले एक आउटडोर स्टेडियम का काम शुरू हुआ था।
योजना संख्या: 450/2009-10
काम शुरू होने की तारीख: 11 मार्च 2010
शुरुआती बजट: ₹33,21,700 (तैंतीस लाख इक्कीस हजार सात सौ रुपये)
स्थिति: डेढ़ दशक बीत जाने के बाद भी यह पुराना निर्माण आज तक आधा-अधूरा और जर्जर पड़ा हुआ है, जिसे स्थानीय लोग भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा उदाहरण मानते हैं।






