लाइव खगड़िया : जिले की प्रसिद्ध कसरैया धार झील के विकास का रास्ता साफ हो गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में ईको पर्यटन एवं पार्क विकास योजना के तहत बेगूसराय वन प्रमंडल के अंतर्गत मानसी (खगड़िया) स्थित कसरैया धार में ईको पर्यटन विकास कार्यों के लिए ₹2920.73 लाख (29 करोड़ 20 लाख 73 हजार रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। इस फैसले से वर्षों से उपेक्षित इस आकर्षक झील के कायाकल्प की उम्मीद जग गई है, जिससे यह बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकेगी।
विधानसभा से लेकर धरातल तक विधायक बबलू मंडल का प्रयास
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खगड़िया सदर के विधायक बबलू कुमार मंडल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि कसरैया धार झील के विकास के लिए उन्होंने लगातार संघर्ष किया। उन्होंने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान इस मुद्दे पर तारांकित प्रश्न उठाया और शून्यकाल में भी सरकार के समक्ष प्रमुखता से मांग रखी।

विधायक के प्रयासों के बाद वन एवं पर्यावरण विभाग ने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी, जिसके आधार पर तत्कालीन जिलाधिकारी नवीन कुमार ने विकास से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा था। विधायक बबलू कुमार मंडल ने विभागीय अधिकारियों और सर्वे टीम के साथ खुद पटना से खगड़िया आकर कसरैया धार का स्थलीय निरीक्षण भी किया था, ताकि योजना को जल्द से जल्द मंजूरी मिल सके।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
विधायक ने कहा कि कसरैया धार केवल एक झील नहीं, बल्कि खगड़िया की प्राकृतिक धरोहर है। ईको पर्यटन के रूप में इसके विकसित होने से:
*आसपास के दर्जनों गांवों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
*होटल, रेस्टोरेंट, नौकायन, स्थानीय हस्तशिल्प और परिवहन जैसे क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा।
*गाइड सेवा और अन्य पर्यटन आधारित गतिविधियों से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
खगड़िया के समग्र विकास के लिए अन्य योजनाएं
बजट सत्र के दौरान विधायक ने कसरैया धार के अलावा खगड़िया के विकास से जुड़े कई और महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे, जिन पर सरकार ने सकारात्मक पहल की है:
*शहर और सदर अस्पताल के ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण।
*डिग्री कॉलेज की स्थापना।
*राजेंद्र सरोवर का जीर्णोद्धार।
विधायक ने बताया कि आगामी मानसून सत्र के लिए भी उनकी तैयारी पूरी है, जिसमें वे जिले में उद्योग, निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े बड़े प्रस्ताव सरकार के सामने रखेंगे।

शीर्ष नेतृत्व के प्रति जताया आभार
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया को यह बड़ी सौगात देने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के साझा प्रयासों से खगड़िया के विकास को नए पंख लग रहे हैं और ये परियोजनाएं भविष्य में रोजगार के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होंगी।






