Breaking News
IMG 20260602 WA0012

मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति का कुएं में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : नगर पंचायत परबत्ता के वार्ड संख्या-14 में मंगलवार की सुबह बगीचे के कुएं में किसी व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वार्ड संख्या-14 निवासी 45 वर्षीय अजय यादव (पिता: बालेश्वर यादव) के रूप में की गई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। परिजनों जहां शुरुआत से ही हत्या की आशंका जता रहे थे, वहीं पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी मामला संदिग्ध पाया गया है।

मॉर्निंग वॉक पर निकले थे अजय

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय यादव मंगलवार की सुबह रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक (सुबह की सैर) के लिए घर से निकले थे। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर के पास ही स्थित एक आम के बगीचे के कुएं में उनका शव तैरता हुआ मिला।

मौके पर पहुंची पुलिस और FSL की टीम

कुएं में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ASP ने किया निरीक्षण, 6 लोग हिरासत में

घटना की जानकारी मिलते ही गोगरी की अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (ASP) साक्षी कुमारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच के संबंध में पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

क्या कहती हैं गोगरी ASP साक्षी कुमारी

“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि युवक के साथ आम चोरी के आरोप में मारपीट की गई थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। इस मामले में अब तक एक प्रत्यक्षदर्शी सहित छह लोगों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।”

परिवार में कोहराम, निष्पक्ष जांच की मांग

इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक की पत्नी बबीता देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा परिवार सदमे में है और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहा है।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, FSL की जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Check Also

IMG 20260527 223734

तीन वर्षीय बेटी के साथ पुल से गंगा नदी में कूदी महिला, राहगीरों ने बचाई जान

तीन वर्षीय बेटी के साथ पुल से गंगा नदी में कूदी महिला, राहगीरों ने बचाई जान

error: Content is protected !!