लाइव खगड़िया : जिले के मोरकाही थाना क्षेत्र में एक आरोपी की तालाब में डूबने से मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस कस्टडी से भागने के दौरान हुई इस मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के शव को थाने लाकर जमकर बवाल काटा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।
क्या है पूरा मामला?
खगड़िया पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को मोरकाही थाना में सरकारी काम में बाधा डालने और विधि व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में कांड संख्या 61/26 दर्ज किया गया था। इसी मामले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए मोरकाही थाना की पुलिस टीम 29 मई 2026 को सबलपुर गांव में छापेमारी करने पहुंची थी।
पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया:
सौरव कुमार (निवासी: सबलपुर)
अंशु कुमार उर्फ दुखो कुमार (निवासी: सबलपुर)

कस्टडी से भागा आरोपी, तालाब में डूबने से मौत
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद दोनों को थाने ले जाया जा रहा था, तभी अभियुक्त सौरव कुमार पुलिस टीम से अपना हाथ छुड़ाकर गांव के मंदिर के पीछे भाग निकला। पुलिस से बचने के लिए उसने मंदिर परिसर में स्थित ‘मालती धार’ नामक तालाब में छलांग लगा दी।
जिसके बाद पुलिस टीम ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन रात के अत्यधिक अंधेरे के कारण सौरव का कुछ पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस दूसरे आरोपी अंशु कुमार को लेकर वापस थाने लौट आई। बाद में ग्रामीणों और स्थानीय चौकीदार के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि तालाब में डूबने की वजह से सौरव कुमार की मौत हो चुकी है।
शव को थाने पर रख हंगामा, थानाध्यक्ष से धक्का-मुक्की
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र ग्रामीण शव को लेकर सीधे मोरकाही थाना परिसर पहुंच गए और वहां शव को रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के मुताबिक, हंगामे के दौरान ग्रामीणों ने महिला थानाध्यक्ष अन्तिमा कुमारी के साथ धक्का-मुक्की और अभद्र व्यवहार भी किया।
वायरल वीडियो: स्थिति को हाथ से निकलता देख और माहौल बेहद तनावपूर्ण होने पर थानाध्यक्ष ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिला थाना प्रभारी द्वारा पिस्टल निकाले जाने से मौके पर मौजूद उग्र भीड़ का आक्रोश और ज्यादा बढ़ गया।

स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जिले के वरीय प्रशासनिक और अन्य पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ तुरंत मोरकाही थाना पहुंचे। अधिकारियों ने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और पुलिस बल द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं और बिंदुओं पर गहराई से जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
