लाइव खगड़िया : कहते हैं कि वक्त बदलते देर नहीं लगती, लेकिन नियति इतनी क्रूर होगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। अभी जिस घर से शादी की शहनाइयां गूंजकर शांत भी नहीं हुई थीं, जहां की दीवारें अब भी नवविवाहित जोड़े के स्वागत की गवाह थीं, वहां अचानक चीख-पुकार और मातम पसर गया। जिले के मानसी थाना क्षेत्र से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में उजाड़ दिया। शादी के महज 3 सप्ताह बाद एक सड़क हादसे ने नई नवेली दुल्हन का सुहाग छीन लिया।
ससुराल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान चीकू कुमार के रूप में हुई है। शुक्रवार को चीकू अपने साथी अमित कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर मानसी बाजार से अपने ससुराल सैदपुर गांव जा रहे थे। आंखों में अपनी जीवनसंगिनी से मिलने की चमक और दिल में भविष्य के खूबसूरत सपने रहे होंगे, लेकिन मानसी थाना क्षेत्र के सड़क पर काल उनका इंतजार कर रहा था।

बताया जाता है कि सड़क किनारे नगर पंचायत का एक चलंत शौचालय (मोबाइल टॉयलेट) टैंकर खड़ा था। अचानक अनियंत्रित होकर बाइक इस टैंकर से बेहद जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि चीकू कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के लोग सहम गए। आवाज़ सुन लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चीकू की सांसें थम चुकी थीं। घायल अमित को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत मानसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

उजड़ गया नई नवेली दुल्हन का संसार, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि चीकू कुमार का विवाह इसी महीने की 6 मई को सैदपुर गांव में हुआ था। अभी तो दुल्हन के हाथों की मेहंदी का रंग भी ठीक से नहीं छूटा था, पैर के महावर की लाली अभी फीकी भी नहीं पड़ी थी कि शादी के महज 23वें दिन ही उसकी दुनिया वीरान हो गई।
इस मनहूस खबर के घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस नई नवेली दुल्हन के चेहरे पर कल तक शर्मो-हया और मुस्कान थी, उसका रो-रोकर बुरा हाल है। चीकू के परिजनों की नम आंखें और चीखें वहां मौजूद हर शख्स के कलेजे को छलनी कर रही हैं। पूरे सैदपुर और मानसी क्षेत्र में इस वक्त शोक की लहर है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के द्वारा दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। परंतु, इस कानूनी प्रक्रिया के बीच, मृतक के मां-बाप का सूनापन और नवविवाहिता के आंसुओं का हिसाब शायद ही कोई कानून दे पाएगा।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
