लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के गोगरी के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय कुमार ने शनिवार को परबत्ता प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं को परखने के साथ-साथ भूमि विवाद से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की। एसडीओ की इस अचानक धमक से पूरे कार्यालय परिसर में कर्मियों के बीच हड़कंप मचा रहा।
भूमि विवाद के मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने समाधान शिविर में आए आवेदनों, लंबित मामलों और उनके निष्पादन की वास्तविक स्थिति की बारीकी से जांच की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मामलों का निष्पादन त्वरित और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए। आम जनता को अपने काम के लिए बेवजह भटकना न पड़े, इसे अधिकारी प्राथमिकता में शामिल करें। इसके साथ ही उन्होंने अंचल कार्यालय में अभिलेखों (records) के रख-रखाव और फाइलों के मेंटेनेंस की भी जांच की।
जर्जर भवनों को लेकर बीडीओ को दिए निर्देश
एसडीओ संजय कुमार ने प्रखंड मुख्यालय परिसर की साफ-सफाई और मेंटेनेंस को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिसर में जितने भी जर्जर और खंडहर हो चुके भवन मौजूद हैं, उनका आकलन कर जल्द से जल्द एक प्रस्ताव तैयार कर जिला मुख्यालय भेजा जाए, ताकि उनके पुनर्निर्माण या आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सके।
लापरवाही पर मिलेगी कड़ी सजा
एसडीओ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य संस्कृति में सुधार लाएं और जनता की समस्याओं को समय सीमा के भीतर निपटाएं।
मौके पर मुख्य रूप से परबत्ता के बीडीओ संतोष कुमार पंडित, अंचलाधिकारी (सीओ) हरिनाथ राम सहित अंचल और प्रखंड कार्यालय के कई मुख्य कर्मी उपस्थित थे।






