लाइव खगड़िया : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को खगड़िया जिले का एक दिवसीय दौरा किया। मुख्यमंत्री बनने के बाद परबत्ता विधानसभा क्षेत्र के अपने इस पहले दौरे के दौरान उन्होंने आध्यात्मिक, प्रशासनिक और व्यक्तिगत कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सीएम के आगमन को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखा गया।
शक्तिपीठ में पूजा और विकास कार्यों का निरीक्षण
दौरे की शुरुआत मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध सिद्ध शक्तिपीठ मां कात्यायनी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से सीधे अगुवानी गंगा घाट पहुंचे, जहां उन्होंने सुल्तानगंज और अगुवानी के बीच बन रहे निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और समय सीमा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, जिलाधिकारी नवीन कुमार, एसपी राकेश कुमार और एएसपी साक्षी कुमारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों से भेंट और श्रद्धांजलि
प्रशासनिक कार्यों के उपरांत मुख्यमंत्री परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने परबत्ता के प्रथम विधायक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. त्रिवेणी कुंवर की धर्मपत्नी तथा विधायक की दादी स्मृति शेष चंद्रकला देवी के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
पुराने रिश्तों की गर्मजोशी
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व में परबत्ता विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। क्षेत्र से उनके पुराने और गहरे लगाव को देखते हुए लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी आमजन का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, वरिष्ठ नेता विनोद झा, जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, विधायक रजनीश कुमार शैलेंद्र, बबलू कुमार मंडल और पूर्व विधायक चंद्रमुखी देवी आदि मौजूद थे। दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। प्रशासनिक स्तर पर पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रही।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
