लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान मंगलवार को खगड़िया जिले के परबत्ता विधानसभा क्षेत्र स्थित अगुवानी डुमरिया बुजुर्ग गांव पहुंचे। उनके साथ खगड़िया सांसद राजेश वर्मा भी मौजूद थे।
दिवंगत चंद्रकला देवी को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने परबत्ता विधायक बाबूलाल शौर्य के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत दादी और स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय त्रिवेणी कुंवर की धर्मपत्नी चंद्रकला देवी के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। चिराग पासवान ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

राजनीति और ‘प्रवासी मंत्रालय’ पर बड़ी बातें
श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए चिराग पासवान ने कई अहम मुद्दों पर अपनी राय रखी:
बंगाल चुनाव पर प्रतिक्रिया: चिराग पासवान ने बंगाल चुनाव में एनडीए की जीत को ‘ऐतिहासिक’ करार देते हुए कहा कि वहां की जनता ने 2029 के आम चुनाव की रूपरेखा तय कर दी है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय पीएम मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के विजन, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और एनडीए की एकजुटता को दिया। साथ ही उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी बधाई दी।
प्रवासियों के लिए नई मांग: दिल्ली में एक बिहारी युवक की हत्या को उन्होंने “निर्मम और निंदनीय” बताया। चिराग ने कहा:
“देश के विभिन्न राज्यों में बड़ी संख्या में बिहार के लोग रहते हैं। ऐसे में केंद्र में एक ‘प्रवासी मंत्रालय’ का गठन किया जाना चाहिए। मैं जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर प्रवासियों के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी करने की मांग उठाऊंगा ताकि संकट में उन्हें तुरंत मदद मिल सके।”
भागलपुर पुल हादसे पर रुख: भागलपुर में पुल गिरने की घटना को चिराग पासवान ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्माण या रखरखाव में कोई भी लापरवाही पाई जाती है, तो दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रशासनिक सतर्कता और समर्थकों का तांता
केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर सुबह से ही अगुवानी और डुमरिया बुजुर्ग गांव में समर्थकों का हुजूम उमड़ा रहा। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के दौरान विधायक बाबूलाल शौर्य के साथ कई स्थानीय नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






