लाइव खगड़िया : जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के करना गांव स्थित उषा विवाह भवन में एक शादी समारोह के दौरान अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने कमरे से सोने के जेवरात और नकदी पार कर दी। हालांकि, भागने के दौरान चोर के पास से कुछ जेवर गिर गए, जिन्हें बरामद कर लिया गया है।
जयमाला में व्यस्त था परिवार, पीछे से साफ हुआ हाथ
मिली जानकारी के अनुसार, बेगूसराय जिले के बखरी थाना क्षेत्र (रामपुर) निवासी नवीन कुमार मैठेला अपने परिवार के साथ रिश्तेदार की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे। पीड़ित ने बताया कि 1 मई की रात करीब 2:40 बजे परिवार के सभी सदस्य अपना सामान कमरे में छोड़कर नीचे जयमाला कार्यक्रम में चले गए थे।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब उनकी पत्नी कमरे में पहुंचीं, तो सामान बिखरा हुआ मिला। बैग से सोने का टीका, नथ, चकती, नकमुनी और लगभग 7 हजार रुपये नकद गायब थे।
CCTV में दिखा संदिग्ध, पीछा करने पर गिरे जेवर
घटना के तुरंत बाद विवाह भवन में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। स्थानीय लोगों ने जब खोजबीन शुरू की, तो सत्यनारायण दास के घर के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखा। टोकने पर वह भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसके पास से सोने की नथ और चकती गिर गई, जिसे पीड़ित परिवार ने पहचान लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहा।
पुलिस जांच शुरू
पीड़ित नवीन कुमार ने परबत्ता थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और शेष जेवरात बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।






