लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम-प्रसंग का मामला उस वक्त विवाद में बदल गया, जब पंचायत के दौरान एक युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। युवती को गंभीर स्थिति में परबत्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से खगड़िया सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
मामले की पृष्ठभूमि:
जानकारी के अनुसार, गांव की एक युवती का स्थानीय युवक के साथ पिछले डेढ़ साल से प्रेम संबंध था। परिजनों का आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो युवक टालमटोल करने लगा।
विवाद का कारण:
मंगलवार को दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई थी। युवती के परिजनों का आरोप है कि लड़के वाले शादी के बदले भारी दहेज की मांग कर रहे थे। इसी से आहत होकर युवती ने कीटनाशक खाकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, युवती का कहना है कि उसने न्याय की उम्मीद में यह कदम उठाया है और वह अपने प्रेमी के धोखे से आहत है।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और युवती का बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर विभिन्न तरहों की चर्चाएं है।






