मुख्य सामग्री पर जाएं
परबत्ता

नवजात का शव लेकर दर-दर भटक रहा पिता, लगाया गया गंभीर आरोप

IMG 20230323 232759

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के परबत्ता थाना में गुरुवार की शाम उस वक्त अजीब स्थिति हो गई जब एक नवजात का शव लेकर पहुंचे पिता ने शिशु की मौत को लेकर कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाया. मिली जानकारी के अनुसार जिले के परबत्ता प्रखंड के इंग्लिश लगार गांव निवासी मो जिबरईल नामक एक नवजात बच्ची का शव लेकर थाना पहुंचा और वो गर्भवती पत्नी के साथ मारपीट की घटना को शिशु के मौत का कारण बताते हुए दोषी पर कार्रवाई की मांग करने लगा. आरोप है कि उनकी पत्नी के साथ मारपीट से उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसने जिस बच्चे को जन्म दिया वो मृत पाया गया.

बताया जाता है कि इसके पूर्व नवजात का शव लेकर पीड़ित पिता एसपी के समक्ष पहुंचा था और एसपी से फरियाद लगाई गई थी. मामले में पुलिस कप्तान ने पीड़ित को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए उसे संबंधित थाना जाकर अपनी बातों को रखने को कहा. इधर पीड़ित के द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में कहा गया कि उसका ससुराल मड़ैया थाना क्षेत्र के पिपरा लतीफ में है और उसकी गर्भवती पत्नी वहीं रह रही थी. ससुराल में ही बीते 18 मार्च को उसकी पत्नी के साथ परिजनों ने मारपीट की. जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए परबत्ता अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन वहां से चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बाद में बेहतर इलाज के लिए गर्भवती महिला को भागलपुर ले जाया गया. जहां 22 मार्च की सुबह उसने एक मृत बच्ची को जन्म दिया.

पीड़ित पिता का आरोप है कि उनकी गर्भवती पत्नी के साथ पिटाई के कारण ही मृत बच्चे ने जन्म लिया है. ऐसे में उसने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. इधर मामले पर परबत्ता थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाल ने बताया है पीड़ित को आवेदन के आधार पर जांच उपरांत आवश्यक कार्रवाही का भरोसा दिलाया गया है. साथ ही उन्होंने नवजात के शव का दाह संस्कार संपन्न कराने का सलाह पीड़ितों को दी है.

शेयर
error: Content is protected !!