मुख्य सामग्री पर जाएं
पसराहा

व्यवसायी ने दी बाइक धीरे चलाने की सलाह तो बदमाशों ने ठोक दी गोली

IMG 20220810 WA0247

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले के पसराहा थाना के गोगरी प्रखंड सर्किल नंबर 1 के पिपरपांती में बेखौफ बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े खाद व्यवसायी को गोली मार कर घायल कर दिया. मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों ने ब्यूटी खाद-बीज भंडार पिपरपांती के मालिक भुट्टो सिंह के पुत्र बमबम कुमार को दुकान में ही गोली मार दी. बताया जाता है कि गोली उसके कमर में लगी है और वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पसराहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. लोगों की मानें तो खाद व्यवसायी अपने दुकान पर था. इसी दौरान एक बाइक सवार तेज रफ्तार में अपनी मोटरसाइकिल लेकर गुजर रहा था. ऐसे में व्यवसायी ने उसे धीरे से गाड़ी चलाने की सलाह दे डाली. लेकिन व्यवसायी की यह बातें बाइक सवार को नागवार गुजरी और वे गुस्से में आ गया और बदमाशों ने व्यवसायी को गोली मार दी.

इधर गांव में बदमाशों द्वारा खुलेआम दिनदहाड़े एक व्यवसायी पर गोली चला देने की घटना से लोगों मे दहशत है. घटना पर पसराहा के थानाध्यक्ष अमलेश कुमार ने बताया है कि घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है और मामले की छानबीन करते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

शेयर
error: Content is protected !!