लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : जिले की शिक्षिका मधु कुमारी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और नवाचार के लिए राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में उन्हें यह सम्मान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हाथों प्रदान किया गया।
समारोह में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित शिक्षा विभाग के कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। मधु कुमारी की इस उपलब्धि से खगड़िया जिले के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।
अधिकारियों और परिजनों की प्रतिक्रियाएं
जिलाधिकारी बिक्रम वीरकर ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सम्मान अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार गौड़ ने इसे उनके शैक्षणिक समर्पण और बच्चों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
शिक्षिका के पिता डॉ. विजेंद्र कुमार विद्यार्थी ने भावुक होते हुए कहा कि बेटी की यह सफलता उसके निरंतर परिश्रम और संघर्ष का परिणाम है।
इधर विद्यालय परिवार, विभिन्न शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों और जिले के शिक्षकों ने मधु कुमारी को इस विशिष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।






