लाइव खगड़िया : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर गरिमा गृह, पटना की ट्रांसजेंडर समुदाय की बहनों ने खगड़िया के जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर को रक्षासूत्र बांधकर सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल पेश की। यह आयोजन केवल एक पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, अपनत्व और सम्मान का सुंदर प्रतीक बना।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विक्रम विरकर ने कहा कि रक्षाबंधन का वास्तविक अर्थ केवल बहनों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक व्यक्ति और समुदाय के अधिकारों की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने दोहराया कि जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ निरंतर प्रयासरत है।

ट्रांसजेंडर समुदाय की सदस्यों ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि जब कई जगहों पर उनके लिए दरवाजे बंद हो चुके थे, तब जिलाधिकारी ने उन्हें सम्मान और बराबरी का एहसास कराया। वे हर साल रक्षाबंधन के अवसर पर जहां भी ये रहते वहां पहुंचकर डीएम को राखी बांधती हैं, जो समय के साथ स्नेह और विश्वास के एक मजबूत रिश्ते में बदल चुका है।

यह आत्मीय परंपरा समाज में समानता और समावेश की भावना को सुदृढ़ करती है, जो यह संदेश देती है कि समाज में कोई भी व्यक्ति अकेला नहीं है और हर नागरिक की गरिमा समान रूप से महत्वपूर्ण है।






