मुख्य सामग्री पर जाएं
खगड़िया

‘कलाकार कल्याण कोष योजना’ शुरू, मिलेंगे 2 लाख रुपये तक

IMG 20260827 171812

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र) : मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के बाद अब जिला कला एवं संस्कृति विभाग, खगड़िया की ओर से कलाकारों के कल्याण और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘कलाकार कल्याण कोष योजना’ की शुरुआत की जा रही है। इस योजना के तहत चयनित और जरूरतमंद कलाकारों को न्यूनतम 50,000 रुपये से लेकर अधिकतम 2,00,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

योजना के मुख्य बिंदु

वाद्ययंत्र और उपकरण के लिए: जरूरतमंद गायक और वादक कलाकारों को संगीत वाद्ययंत्र खरीदने के लिए, तथा चित्रकारों व शिल्पकारों को आवश्यक उपकरण एवं उपस्कर खरीदने के लिए 50,000 रुपये तक की सहायता दी जाएगी।

चिकित्सा सहायता: किसी कलाकार के घायल होने या गंभीर बीमारी की स्थिति में इलाज के लिए अधिकतम 2,00,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है।

प्रशिक्षण और प्रदर्शन के अवसर: चाक्षुष एवं प्रदर्शनी कलाकारों को बड़े कला संस्थानों में प्रशिक्षण, शोध, प्रदर्शनी के लिए आवश्यक सामग्री और देश-विदेश में आयोजित होने वाले कला कार्यक्रमों या प्रदर्शनियों में भाग लेने के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

आवेदन प्रक्रिया और संपर्क

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी घनश्याम कुमार ने बताया कि इस योजना से जिले के कलाकारों को अपने हुनर को आगे बढ़ाने और आर्थिक परेशानियों से उबरने में काफी मदद मिलेगी।

आवेदन फॉर्म प्राप्ति स्थल: जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, राजेंद्र नगर, खगड़िया।
विस्तृत जानकारी: योजना से जुड़ी अन्य सभी जानकारियों के लिए आवेदक सीधे कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

शेयर
error: Content is protected !!