लाइव खगड़िया: शहर के बलुआही ठाकुरबाड़ी में पांच दिवसीय झुलन महोत्सव के अवसर पर बलुआही कुश्ती (दंगल) कमिटी द्वारा आयोजित चार दिवसीय अंतरराज्यीय कुश्ती प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। कमिटी के सदस्य एवं पूर्व वार्ड पार्षद रणवीर कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे दिन नेपाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश (कानपुर, बनारस, गाजीपुर, झांसी, अयोध्या), राजस्थान, झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों (छपरा, पटना, बक्सर, भागलपुर, बेगूसराय) के साथ-साथ खगड़िया के स्थानीय क्षेत्रों—रोहियार, बलौर, उसरी, तेहाय, रसौंक, पौरा और बलुआही के महिला एवं पुरुष पहलवानों के बीच 80 से अधिक कुश्तियां लड़ी गईं।
प्रमुख मुकाबले और परिणाम
रोमांचक मुकाबलों के दौरान कई नामचीन पहलवानों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया:
खगड़िया के पहलवानों का जलवा: खगड़िया (रोहियार) के दीपक पहलवान ने राजस्थान के बक्कर और मध्य प्रदेश के सतीश पहलवान को पटकनी दी। रसौंक के जावेद अली ने मध्य प्रदेश के बाबानायक को, उसरी के कारे पहलवान ने दिल्ली के साधु पहलवान को और अलौली के रामउदगार पहलवान ने मध्य प्रदेश के सुरेंद्र पहलवान को पराजित किया। बलौर के विक्की पहलवान ने बनारस के गामा पहलवान को हराया।

अन्य राज्यों के मुकाबले: गाजीपुर के अंकित पहलवान ने मध्य प्रदेश के बक्कर पहलवान को, राजस्थान के जल्लाद पहलवान ने उत्तर प्रदेश के मजीद पहलवान को और गाजीपुर के श्यामसुंदर ने राजस्थान के सुनील पहलवान को पराजित किया।
महिला वर्ग के मुकाबले: महिला पहलवानों के मुकाबले में पटना की पायल कुमारी ने भागलपुर की नंदनी कुमारी को, झारखंड की प्रियंका कुमारी ने गोरखपुर की साध्वी कुमारी को, भागलपुर की चांदनी ने पटना की गौरी कुमारी को और उत्तर प्रदेश की अंजू कुमारी ने कानपुर की रितु कुमारी को शिकस्त दी।

विजेताओं को सम्मान और अतिथियों की उपस्थिति
विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव और स्थानीय निवासी अजीत यादव उर्फ घुरन द्वारा नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। इस दौरान आयोजन में विशेष सहयोग के लिए एस.बी. मेमोरियल स्कूल के संचालक प्रभाकर झा, गोपाल ज्वेलर्स के प्रोप्राइटर गौरव कुमार, रमेश कुमार और सेवानिवृत्त सेना के जवान स्वप्निल को कुश्ती कमिटी के अध्यक्ष अंगद यादव ने माला पहनाकर, अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संपन्न कराने में बलुआही ठाकुरबाड़ी के सचिव संजय कुमार उर्फ वेदो यादव, कोषाध्यक्ष ई. नंदन यादव, कुश्ती कमिटी के अध्यक्ष अंगद यादव तथा सदस्य मनोज चौधरी, रोहित कुमार, प्रमोद साह, सकलदीप यादव, छेदी यादव और नवीन यादव का विशेष योगदान रहा।






