लाइव खगड़िया: खगड़िया विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय विधायक बबलू कुमार मंडल ने एक बार फिर पहल की है। उन्होंने नगर विकास एवं आवास विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग की प्रस्तावित समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने के लिए बिहार विधानसभा की पर्यटन एवं उद्योग समिति के सभापति को एक विस्तृत पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जवाब-तलब करने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।
विधायक ने कहा कि खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में इन दोनों विभागों से जुड़ी कई योजनाएं लंबे समय से प्रभावित हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमुख रूप से उठाए गए मुद्दे
433 करोड़ की ड्रेनेज परियोजना: विधायक ने खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र की लगभग 433 करोड़ रुपये की प्रस्तावित ड्रेनेज सिस्टम योजना का मामला उठाया। स्वीकृति मिलने के बावजूद काम शुरू न होने पर उन्होंने विभाग से प्रशासनिक व तकनीकी स्थिति स्पष्ट करने और जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी): योजना की धीमी प्रगति और हजारों पात्र लाभुकों के अब तक वंचित रहने पर चिंता जताते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और विशेष अभियान चलाने की मांग की गई है।
कबीर अंत्येष्टि योजना: योजना की राशि समय पर न मिलने के कारण गरीब परिवारों को हो रही कठिनाइयों का मुद्दा उठाया गया। हाल ही में एक मामले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राशि के अभाव में एक मृतक का अंतिम संस्कार तीन दिन बाद हुआ, जिसे उन्होंने बेहद संवेदनशील मामला बताया।
मनरेगा और रोजगार सृजन: ग्रामीण विकास विभाग के तहत मनरेगा में मजदूरों को अपेक्षित रोजगार न मिलने का सवाल उठाया गया। उन्होंने रोजगार सृजन और समय पर मजदूरी भुगतान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
जर्जर सड़कों की मरम्मत: प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजनाओं के तहत मेहसौरी-अगुवानी, सोनमनकी-माड़र, सोनमनकी-सिमराहा, बछौता-बिरनपुर, खगड़िया-बखरी मार्ग से दाढ़ी आस गांव, सोराय टोला से सोराय गांव, खगड़िया-अलौली मार्ग से भीरयाही पोखर होते हुए अलौली पथ और दुर्गापुर से मथार दियारा सहित कई प्रमुख मार्गों की मरम्मत की मांग की गई है।
नई सड़क परियोजनाओं के प्रस्ताव: विधायक ने खगड़िया-अलौली पथ के भीरयाही पोखर से विष्णुपुर ढाला तक तथा सोनमनकी से बलौर लोहा पुल तक दो नई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा है।
इधर विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारी इन सभी बिंदुओं पर सकारात्मक कार्रवाई करेंगे, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिल सकेगी।






