लाइव खगड़िया: पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुई 7वीं राज्यस्तरीय योगासन चैंपियनशिप 2026 में खगड़िया जिले का मान बढ़ा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जिले के शारीरिक शिक्षक, मनोज कुमार उर्फ मनोज देव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया है।
बिहार योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में 1 से 3 अगस्त तक आयोजित इस तीन दिवसीय राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आए तीन सौ से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी ने अलग-अलग आयु वर्ग एवं श्रेणियों में अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन और योग कौशल का प्रदर्शन किया। इस कड़ी प्रतिस्पर्धा में मनोज कुमार उर्फ मनोज देव ने सीनियर-सी वर्क में रजत पदक अपने नाम किया।
सक्रिय खिलाड़ी और प्रशिक्षक दोनों की भूमिका
बताया जाता है कि मनोज कुमार न केवल एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, बल्कि वे जिले के मेससौली हाई स्कूल में शारीरिक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। वे युवाओं को योगासन का प्रशिक्षण भी देते हैं और स्वयं भी निरंतर अभ्यास कर प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहते हैं। उनकी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम ही है कि उन्हें राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में यह सफलता प्राप्त हुई है।
जिले में खुशी की लहर
मनोज की इस उपलब्धि से न केवल उनके विद्यालय, बल्कि पूरे खगड़िया जिले का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। इस अवसर पर जिला योगासन खेल संघ के सचिव चंदन सिंह, रानी सिंह, चंद्रशेखर सहित कई अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है।






