लाइव खगड़िया : श्यामलाल चंद्रशेखर मेडिकल कॉलेज एवं शहीद प्रभु नारायण मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, खगड़िया ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक अत्यंत सराहनीय और छात्रहितकारी पहल की है। संस्थान के निदेशक डॉ. विवेकानंद ने घोषणा की है कि श्यामलाल ट्रस्ट के माध्यम से चार मेधावी और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में नामांकन के दौरान विशेष शुल्क रियायत का लाभ प्रदान किया जाएगा।
मेरिट के आधार पर होगा नामांकन
डॉ. विवेकानंद ने स्पष्ट किया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के उपरांत कॉलेज को मिली मान्यता के बाद, संस्थान में सभी नामांकन पूर्णतः पारदर्शिता के साथ होंगे। उन्होंने कहा कि नीट (NEET) रैंक और पात्रता के आधार पर ही एमबीबीएस में प्रवेश सुनिश्चित किया जाएगा। नियमों से इतर किसी भी प्रकार के नामांकन की कोई गुंजाइश नहीं है।

स्वर्गीय श्यामलाल के सपनों को मिल रही उड़ान
इस पहल के पीछे का मुख्य उद्देश्य स्वर्गीय श्यामलाल जी के उस सपने को साकार करना है, जिसमें आर्थिक अभाव के बावजूद मेधावी छात्र गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा से वंचित न रहें। इस योजना के तहत ट्रस्ट द्वारा अनुशंसित चार योग्य विद्यार्थियों को ट्यूशन फीस में भारी कटौती का लाभ मिलेगा।
छात्रों को मिलेगा लाखों का आर्थिक लाभ
संस्थान के अनुसार, चयनित प्रत्येक विद्यार्थी को सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क की तुलना में लगभग 40 लाख रुपए तक की आर्थिक रियायत मिलने की संभावना है। इस प्रकार कुल चार छात्रों को लगभग एक करोड़ साठ लाख रुपए की शिक्षा सहायता प्राप्त होगी। यह कदम प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा शिक्षा के महंगे बोझ को कम करने और उनके चिकित्सक बनने के सपने को पूरा करने में एक मील का पत्थर साबित होगा।

ट्रस्ट की छात्रों से अपील
श्यामलाल ट्रस्ट ने मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों से आह्वान किया है कि वे नीट परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और उच्च अंक प्राप्त करें। ट्रस्ट ने विश्वास जताया है कि यह पहल न केवल प्रतिभाशाली छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी, बल्कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसरों के द्वार भी खोलेगी।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
