लाइव खगड़िया: जिले के सोनवर्षा घाट निवासी एक दिव्यांग दंपति की सुपुत्री अस्मिता कुमारी का विवाह गुरुवार की रात स्थानीय कायरा विवाह भवन में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह विवाह पूरी तरह से जनसहयोग से आयोजित किया गया, जो क्षेत्र में सेवा और सामाजिक समरसता की एक बड़ी मिसाल बनकर उभरा है।
पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ विवाह
विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों का पूरी निष्ठा से पालन किया गया। विवाह भवन से सटे बाबा सहलेस स्थान परिसर में बांका जिले के कुसमी निवासी अक्षय कुमार (पिता–श्री शंकर पासवान) ने वधू की मांग में सिंदूर भरकर विवाह संस्कार पूर्ण किया। इस दौरान गूंजते मंगलगीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।

सेवा के विचारों से प्रेरित है अभियान
इस अनूठी पहल के मुख्य सूत्रधार अंबेडकरवादी सामाजिक कार्यकर्ता एवं लोजपा (रा) के वरिष्ठ नेता गौतम पासवान ने कहा कि यह सेवा अभियान डॉ. भीमराव आंबेडकर, श्रद्धेय रामविलास पासवान और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के सेवा, समानता एवं सामाजिक न्याय के विचारों से प्रेरित है। उन्होंने कहा, “जब तक शरीर में लहू का एक कतरा शेष है, तब तक किसी भी गरीब या असहाय परिवार की बेटी के विवाह में रुकावट नहीं आने दी जाएगी।”
जनता का मिला भरपूर सहयोग
गौतम पासवान ने इस आयोजन की सफलता का श्रेय खगड़िया की जनता को देते हुए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष मनीष कुमार उर्फ नाटा सिंह, सांसद राजेश वर्मा और सभी अंबेडकरवादी साथियों को धन्यवाद दिया।

विवाह समारोह में मंटुन पासवान, जितेन्द्र पासवान, डुमरी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भूषण सिंह, राजेश कुमार ऋषभ और चौथम प्रखंड अध्यक्ष रामप्रीत गुप्ता सहित दर्जनों सामाजिक कार्यकर्ता और वर-वधू पक्ष के परिजन उपस्थित रहे।
समाज के लिए प्रेरणा बना सेवा कार्य
ओमप्रकाश पासवान, महेश पासवान और अनिल पासवान सहित उपस्थित परिजनों ने इस सामाजिक पहल की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना है कि गौतम पासवान हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े रहते हैं, यही कारण है कि वे खगड़िया की जनता के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं।




