Breaking News
IMG 20260717 185312 Scaled
Oplus_16908288

‘दिशा’ की बैठक में विधायक बबलू मंडल ने विकास कार्यों पर अधिकारियों को लगाई फटकार, दिए सख्त निर्देश

लाइव खगड़िया: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में खगड़िया सदर के विधायक बबलू कुमार मंडल विकास कार्यों को लेकर पूरी तरह एक्शन मोड में दिखे। बैठक के दौरान उन्होंने सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल निकासी और रोजगार जैसे जनहित के मुद्दों पर अधिकारियों को जमकर क्लास लगाई और समयबद्ध समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।

सड़क और आरओबी निर्माण में तेजी के निर्देश

विधायक ने शहर के पूर्वी केबिन पर स्थित आरओबी (रेल ओवरब्रिज) की लंबाई बढ़ाकर बालुवाही पेट्रोल पंप तक करने को कहा, ताकि यातायात की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही, राजेंद्र चौक से जयप्रकाश नगर होते हुए बालुवाही तक की सड़क को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बछौता चौक से भदास होते हुए दाढ़ी आस और त्रिभुवन टोला तक के सड़क निर्माण में जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

शहर का होगा सौंदर्यीकरण और बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

शहरी विकास के तहत विधायक ने गोशाला परिसर के कायाकल्प का प्रस्ताव रखा। उन्होंने गोशाला के जीर्णोद्धार के साथ ही इसके चारों ओर व्यवस्थित मार्केट बनाने के निर्देश दिए, जिससे शहर का सौंदर्यीकरण होगा और युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे।

स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

सदर अस्पताल की समीक्षा करते हुए विधायक ने आईसीयू के नियमित संचालन और एंटी-स्नेक वेनम (सर्पदंश वैक्सीन) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिक्षा के क्षेत्र में, उन्होंने उच्च माध्यमिक विद्यालय माड़र में तालाब के कारण बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताई और तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाने को कहा।

अवैध खनन और बिजली विभाग को चेतावनी

खनन विभाग को स्पष्ट हिदायत देते हुए विधायक ने कहा कि चौधरी टोला के पास निर्माणाधीन पुल और शवदाह गृह के समीप किसी भी हाल में बालू खनन नहीं होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी जमीन पर व्यक्तिगत कार्यों के लिए मिट्टी काटने वाले किसानों को परेशान न किया जाए। इसके अलावा, बिजली विभाग को बेलौर के खोनमा धार के पास झुके हुए खतरनाक बिजली के खंभों को अविलंब ठीक करने का निर्देश दिया।

मानसी क्षेत्र का होगा कायाकल्प

मानसी के विकास पर चर्चा करते हुए विधायक ने पश्चिमी केबिन पर आरओबी निर्माण, एनएच-31 को एसएच-95 से जोड़ने और मंजरा धार को अतिक्रमण मुक्त कर आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही बलहा में पीएचसी भवन के विस्तार और शहरकुंडी से बेलदौर के पिपरा तक नई सड़क निर्माण की दिशा में कार्य करने को कहा।

जनता की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें अधिकारी

बैठक के समापन पर विधायक बबलू कुमार मंडल ने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि केवल घोषणाओं से विकास नहीं होता, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन से होता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर बरसात के मौसम में जलजमाव जैसी समस्याओं का तत्काल निपटारा करने और जनहित से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

Check Also

IMG 20260716 WA0006

विद्यालय में “सतर्क रहो, सुरक्षित रहो” जागरूकता अभियान का आयोजन, बच्चों को सिखाए गए साइबर सुरक्षा के गुर

विद्यालय में "सतर्क रहो, सुरक्षित रहो" जागरूकता अभियान का आयोजन, बच्चों को सिखाए गए साइबर सुरक्षा के गुर

error: Content is protected !!