Breaking News
IMG 20260619 WA0031

मनरेगा बचाने और ‘VB-GRAM-G’ कानून के खिलाफ सड़क पर उतरे खेत मजदूर, निकाला गया जुलूस

लाइव खगड़िया : भारतीय खेत मजदूर यूनियन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर जिले के अलौली अंचल के बेलाही (शहरबन्नी) गांव में “सेव मनरेगा, रिजेक्ट VB-GRAM-G Act 2025” अभियान के तहत जोरदार जन जागरण जुलूस निकाला गया और सभा आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद खेत मजदूरों, महिलाओं और ग्रामीण युवाओं ने मनरेगा को बचाने तथा नए कानून को वापस लेने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता छोटेलाल सिंह ने की।

‘VB-GRAM-G’ एक्ट से गरीबों के अधिकार और पंचायतों की स्वायत्तता पर खतरा

सभा को संबोधित करते हुए भारतीय खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव व बिहार उप महासचिव कॉमरेड पुनीत मुखिया ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:

“मनरेगा देश के करोड़ों ग्रामीण गरीबों, दलितों, आदिवासियों और भूमिहीनों को 100 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी देने वाला एक ऐतिहासिक कानून था। काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान था, जिसे नए ‘VB-GRAM-G Act 2025’ के जरिए समाप्त कर दिया गया है। यह ग्रामीण गरीबों के पेट पर लात मारने जैसा है।”

पुनीत मुखिया ने नए कानून में वित्तीय बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले मनरेगा में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 90% और राज्यों की 10% होती थी। अब नए कानून में केंद्र का हिस्सा घटाकर 60% और राज्यों का बढ़ाकर 40% कर दिया गया है। इससे राज्य सरकारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और केंद्र अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून से पंचायतों की स्वायत्तता भी खत्म हो जाएगी, क्योंकि अब योजनाओं का निर्धारण स्थानीय स्तर के बजाय केंद्र से तय होगा, जो संविधान की भावना के खिलाफ है।

जमीन के अधिकार और महंगाई के खिलाफ तेज होगा आंदोलन

यूनियन की राज्य कार्यकारिणी सदस्य व दरभंगा जिला सचिव कॉमरेड नारायण जी झा ने सभा में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि गरीबों, खेत मजदूरों और भूमिहीनों को एकजुट कर गैर मजरूआ आम-खास, झील-बकाश्त और नदी से निकली जमीनों पर गरीबों को बसाने का संघर्ष तेज किया जाएगा। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आर-पार की लड़ाई का आह्वान किया।

इन नेताओं ने भी किया संबोधित

सभा को भाकपा (CPI) बिहार राज्य परिषद सदस्य मनोज सदा, दरभंगा जिला परिषद सदस्य राम उदगार साह, शाखा मंत्री ललित नारायण मुखिया, जगरनाथ कुमार निषाद, महेंद्र सदा, ज्ञानी सदा, राम अकवाल चौधरी तथा देव नारायण चौधरी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि अधिकारों की रक्षा के लिए अब गांव-गांव में संगठन को मजबूत कर एक बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

सभा के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों और मजदूरों ने मनरेगा की बहाली, नए कानून की वापसी और अपने रोजगार व जमीन के हक के लिए संघर्ष का संकल्प लिया।

Check Also

IMG 20260620 214731 Scaled

आईआईटीएन वैभव वात्सल ने बीपीएससी में लहराया परचम, 37वीं रैंक लाकर बने एसडीएम; क्षेत्र में खुशी की लहर

आईआईटीएन वैभव वात्सल ने बीपीएससी में लहराया परचम, 37वीं रैंक लाकर बने एसडीएम; क्षेत्र में खुशी की लहर

error: Content is protected !!