Breaking News
IMG 20260619 200931
Oplus_16908288

डूबने से युवती व छात्र सहित दो की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

लाइव खगड़िया : जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पानी में डूबने से दो अलग-अलग हादसों में एक युवती और एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। एक घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संसारपुर में गंडक नदी घाट पर हुई, जहाँ स्नान के दौरान एक युवती डूब गई। वहीं दूसरी घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला गांव की है, जहाँ भैंस नहलाने के दौरान पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक छात्र की जान चली गई। दोनों ही परिवारों में इस घटना के बाद से मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

नानी को देखने आई युवती की गंडक नदी में डूबने से मौत

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संसारपुर स्थित गंडक नदी घाट पर गुरुवार की शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ स्नान करने के दौरान 21 वर्षीय युवती मुस्कान कुमारी गहरे पानी में चली गई, जिससे डूबकर उसकी मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार दोपहर को उसका शव नदी से बरामद किया गया। मृतका की पहचान मोरकाही थाना क्षेत्र के माड़र उत्तरी पंचायत अंतर्गत सबलपुर टोला (वार्ड संख्या 11) निवासी रामाशीष पासवान की पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह कुछ दिन पहले अपनी बीमार नानी की देखरेख करने संसारपुर आई थी।

शुक्रवार को मिला शव: गुरुवार शाम को डूबने के बाद स्थानीय लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन रात होने के कारण कुछ पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने संसारपुर घाट के पास शव तैरता देख पुलिस को सूचना दी। मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

कबेला में भाई को बचाने की कोशिश नाकाम, नवोदय के छात्र की गई जान

दूसरी हृदयविदारक घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के कबेला गांव के समीप की है। यहाँ पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से छात्र दिव्यम कुमार की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, कबेला गांव निवासी रामचंद्र राय अपने दोनों बेटों के साथ खेत पर गए थे। इसी दौरान भैंस को नहलाने के क्रम में दिव्यम कुमार पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। दिव्यम को डूबता देख उसका बड़ा भाई दिव्यांश कुमार अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़ा। दोनों भाइयों को पानी में छटपटाता देख और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बड़े भाई दिव्यांश को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक दिव्यम गहरे पानी में समा चुका था। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने दिव्यम का शव बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि दोनों भाई जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र थे और इन दिनों गर्मी की छुट्टियों में घर आए हुए थे।

error: Content is protected !!