Breaking News
IMG 20260613 195202 Scaled
Oplus_16908288

खगड़िया के दो लाल भारतीय सेना में बने लेफ्टिनेंट, IMA देहरादून में सजे कंधों पर सितारे

लाइव खगड़िया (मुकेश कुमार मिश्र): जिले के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक गौरव और सम्मान लेकर आया। गोगरी प्रखंड के दो जांबाज युवाओं ने भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), देहरादून से सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवारों में जश्न का माहौल है, बल्कि पूरे जिले का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।

राष्ट्रपति की मौजूदगी में संपन्न हुई पासिंग आउट परेड

देहरादून स्थित आईएमए में आयोजित 158वीं पासिंग आउट परेड में शनिवार (13 जून) को मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। उन्होंने नव नियुक्त सैन्य अधिकारियों का हौसला बढ़ाया। इस दीक्षांत समारोह में कुल 515 कैडेट्स पास आउट हुए, जिनमें 481 भारतीय और 34 मित्र देशों के विदेशी कैडेट्स शामिल हैं।

गांव की गलियों से निकलकर देश में लहराया परचम

गोगरी प्रखंड के इन दोनों युवाओं ने अपनी मेधा और कड़े परिश्रम के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर खगड़िया का नाम रोशन किया है:


लेफ्टिनेंट अंकुश कुमार (AIR 10): हरदयाल नगर बन्नी निवासी ब्रजकिशोर सिंह एवं सरिता देवी के पुत्र (तथा स्व. तारणी प्रसाद सिंह व स्व. शकुंतला देवी के पौत्र) अंकुश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा में पूरे देश में 10वीं रैंक हासिल कर यह मुकाम पाया है।

लेफ्टिनेंट आदित्य कुमार (AIR 116): शिरनियाँ गांव निवासी दिवाकर मिश्र एवं उषा देवी के पुत्र आदित्य कुमार ने ऑल इंडिया रैंक 116 प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी बनने का अपना सपना साकार किया है।
दोनों ही जांबाज अधिकारियों ने अकादमी में बेहद कठिन, अनुशासित और चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया है।

‘पिपिंग सेरेमनी’ में भावुक हुए माता-पिता

परेड की समाप्ति के बाद आयोजित पारंपरिक और प्रतिष्ठित ‘पिपिंग सेरेमनी’ के दौरान माता-पिता ने खुद अपने बेटों के कंधों पर सैन्य सितारे (Stars) सजाए। वर्षों की कड़ी मेहनत, त्याग और संघर्ष के बाद देश सेवा के लिए बेटे को समर्पित करने का यह क्षण पूरे परिवार के लिए अत्यंत भावुक और जीवन का सबसे गौरवपूर्ण पल बन गया।

जिले में खुशी की लहर, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्त्रोत

अंकुश और आदित्य की इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे खगड़िया जिले में उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। प्रबुद्ध जनों का कहना है कि इन दोनों सपूतों की सफलता यह साबित करती है कि यदि दृढ़ संकल्प और देशसेवा का जज्बा हो, तो गांव की गलियों से निकलकर भी देश के सर्वोच्च शिखर तक पहुंचा जा सकता है। यह सफलता जिले के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा की एक नई मिसाल है।

निहाल नूर भी बने लेफ्टिनेंट

खगड़िया शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी आनंद बजाज एवं सरिता बजाज के पुत्र निहाल नूर ने भी आईएमए से कठिन प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने का गौरव हासिल किया है। निहाल की इस सफलता से शहरवासियों में भारी हर्ष है।

Check Also

1784051084059

बिहार पुलिस सेवा में फेरबदल, खगड़िया में नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों की हुई तैनाती

​बिहार पुलिस सेवा में फेरबदल: खगड़िया में नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों की हुई तैनाती

error: Content is protected !!