लाइव खगड़िया : राजद प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर मंगलवार को सदर प्रखंड मुख्यालय में केंद्र और बिहार सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने कमरतोड़ महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक, और पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस (LPG) व खाद्य पदार्थों की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ जमकर आवाज उठाई। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता खगड़िया नगर अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने की, जबकि मंच का संचालन किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुजय यादव ने किया।
“पेपर लीक से युवा आत्महत्या को मजबूर, सरकार मौन” — मनोहर कुमार यादव
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व एमएलसी प्रत्याशी सह राजद जिलाध्यक्ष मनोहर कुमार यादव ने डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:
“आज बिहार की जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। नीट (NEET) से लेकर केंद्र और बिहार की तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं। छात्र सालों-साल बाहर रहकर कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। हताशा में युवा आत्महत्या करने को मजबूर हैं। हाल ही में नीट की एक छात्रा ने इसी वजह से आत्महत्या कर ली। सरकार की जब थू-थू हुई, तब जाकर परीक्षा रद्द की गई।”
साथ ही उन्होंने आगे कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों के लगातार बढ़ते दामों ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। पटना सहित पूरे बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और सरकार मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इधर-उधर की बातों में उलझा रही है।

“खजाना खाली, कर्मियों को वेतन नहीं और विपक्ष को परेशान करने में जुटी सरकार”
प्रदेश महासचिव नरेश सहनी, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष बिनोद कुमार और जिला उपाध्यक्ष प्रमोद यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि बिहार सरकार का खजाना खाली हो चुका है। बुजुर्गों को पेंशन नहीं मिल रही है और सरकारी कर्मियों व शिक्षकों को कई महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सरकार राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती करने और आवास खाली कराने जैसे हथकंडे अपनाकर लोगों को दिग्भ्रमित कर रही है।
वहीं, संचालन कर रहे सुजय यादव और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार उर्फ राजा चौधरी ने कहा कि बिहार में कोई नए उद्योग-धंधे नहीं लग रहे हैं। अपराध चरम पर है और बिना ‘नजराना’ (रिश्वत) के किसी भी सरकारी कार्यालय में कोई काम नहीं होता।

धरने में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस एक दिवसीय धरने में मुख्य रूप से निम्नलिखित नेता और पदाधिकारी शामिल हुए:
नंदलाल मंडल (जिला प्रधान महासचिव)
नीरज यादव (युवा राजद प्रदेश महासचिव)
शकलदीप यादव (जिला महासचिव)
दिनेश यादव (विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष)
बिनोद शर्मा (शिल्पकार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष)
निभा भारती (दिव्यांग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष)
आमिर खान (जिला कोषाध्यक्ष)
अंकित कुमार (कला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष)
शम्भू पौद्दार (व्यवसायिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष)
सन्नी चंद्रवंशी (खगड़िया नगर प्रधान महासचिव)
रोहित साव (अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ नगर अध्यक्ष)
राजेश यादव (युवा राजद जिला उपाध्यक्ष)
पंकज यादव (पूर्व नगर अध्यक्ष)
बिजेंद्र यादव (बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिला उपाध्यक्ष)
इनके अलावा मिथलेश यादव, राजद नेता प्रफुल्लचन्द्र घोष, सुनीता देवी, अभिजीत सिंह, छात्र राजद नेता राजा कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ता और स्थानीय लोग धरने पर उपस्थित रहे।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
