लाइव खगड़िया : मुंगेर जिला अंतर्गत टीकारामपुर पंचायत स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में गंगा कटाव के स्थायी समाधान की मांग को लेकर चल रहा जन आंदोलन अब और तेज़ हो गया है। सामाजिक कार्यकर्ता ई. धर्मेंद्र कुमार एवं युवा शक्ति के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नागेंद्र सिंह त्यागी के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन के दूसरे चरण में रविवार को भव्य गंगा पूजन और एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी अनिल यादव ने की, जबकि संचालन रामपुर पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव द्वारा किया गया। उपवास कार्यक्रम की शुरुआत से पहले हजारों महिलाओं ने गंगा किनारे हाथ में अगरबत्ती और फूल लेकर मां गंगा का पूजन किया और कटाव से रक्षा की प्रार्थना की।
“जब तक स्थायी समाधान नहीं, तब तक जारी रहेगा संघर्ष”
आंदोलन को संबोधित करते हुए नेताओं और समाजसेवियों ने व्यवस्था के खिलाफ जमकर हुंकार भरी:
नागेंद्र सिंह त्यागी (राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, युवा शक्ति):

उन्होंने पूर्व के आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि पूर्वजों द्वारा जलाई गई आंदोलन की मशाल को बुझने नहीं दिया जाएगा। मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय की जनता को एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
ई. धर्मेंद्र कुमार (भाजपा नेता व समाजसेवी):

दशरथ मांझी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “जब एक व्यक्ति दुर्गम पहाड़ तोड़कर रास्ता बना सकता है, तो हम हजारों लोग मिलकर 12 किलोमीटर का गंगा कटाव क्यों नहीं रोक सकते? इसके लिए बस एक मजबूत भागीरथ प्रयास की जरूरत है।” उन्होंने याद दिलाया कि खगड़िया में रेल, रोड, पुल और तकनीकी संस्थान संघर्ष के बल पर ही मिले हैं।
मुकेश यादव (पूर्व विधानसभा प्रत्याशी):

उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि बरसों से सांसद और विधायक चुनाव के समय झूठा आश्वासन देकर सिर्फ वोट लेते रहे हैं, लेकिन इस बार जनता आर-पार के मूड में है।
बंडाल निर्माण में विभागीय लापरवाही पर उठाए सवाल
आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा अनिल यादव ने बताया कि वर्ष 2008 से ही बंडाल निर्माण को लेकर श्याम किशोर यादव, शिवनंदन यादव, जनार्दन यादव और इंद्रदेव यादव जैसे प्रबुद्ध लोगों की अगुवाई में लड़ाई लड़ी जा रही है। इसके परिणामस्वरूप 2018 में बिहार सरकार द्वारा लगभग 51 करोड़ की लागत से 4 से 5 किलोमीटर का बंडाल बनाया भी गया था, लेकिन विभागीय लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण वह बंडाल जल्द ही ध्वस्त हो गया।



वहीं अवध बिहारी संस्कृत कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. उमेश प्रसाद सिंह एवं सुभाष चन्द्र जोशी ने महिलाओं और पुरुषों में जोश भरते हुए कहा कि जब जनता की इच्छाशक्ति मजबूत होगी, तो सरकार को घुटने टेकने ही पड़ेंगे।
आंदोलनकारियों की अगली रणनीति: चरणबद्ध घेराव
बैठक में उपस्थित पूर्व मुखिया पांडव यादव, वर्तमान मुखिया पांडव महतो, योगेंद्र यादव, राकेश यादव, ओमप्रकाश राय और पूर्व जिला परिषद सदस्य कृष्ण कुमार उर्फ मुन्ना यादव सहित सैकड़ों कटाव पीड़ितों ने सर्वसम्मति से आगे की रणनीति तय की है:

कटाव पीड़ितों का साफ कहना है कि यदि सरकार सीधे उनकी बात नहीं सुनेगी, तो वे जनप्रतिनिधियों के जरिए अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे और यह लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ी जाएगी।
हजारों की संख्या में पहुंचे लोग
मौके पर कांग्रेस नेता राकेश मंडल, राजद जिलाध्यक्ष संजय सिंह, साहेब महतो, संजय पोद्दार, देवकीनंदन यादव, उमेश यादव, बबलू यादव, कैलाश यादव, मिंटू यादव, पीयूष यादव, योगेंद्र यादव, ओम प्रकाश यादव, श्रवन कुमार यादव, आकाशदीप यादव, गजेंद्र हिमांशु, पूर्व जिप सदस्य अजीत सरकार, ध्रुव कुमार यादव, रंजीत यादव, सत्तो यादव, पंकज यादव, प्रवीण कुमार, राजीव महतो सहित हजारों की संख्या में कटाव पीड़ित परिवार और ग्रामीण उपस्थित थे।






