मुख्य सामग्री पर जाएं
खगड़िया

बूढ़ी गंडक पुल से सतीश नगर मार्ग को ‘डेंजर जोन’ घोषित करने की मांग, मंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

IMG 20260531 172946

लाइव खगड़िया : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और जनसुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सह मुख्य प्रवक्ता मनीष कुमार राय ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। जिला अतिथि गृह में हुई इस मुलाकात के दौरान उन्होंने मंत्री को जनहित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मांग पत्र सौंपा।

लगातार हो रहे हादसों पर चिंता, सुरक्षा उपायों की मांग

सौपे गए आवेदन में खगड़िया एनएच-31 स्थित बूढ़ी गंडक पुल से लेकर सतीश नगर सीमावर्ती क्षेत्र तक के मार्ग को “डेंजर जोन” घोषित करने की मांग की गई है। पत्र में इस बात का विशेष उल्लेख किया गया है कि इस मार्ग पर वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण आए दिन भीषण सड़क हादसे हो रहे हैं। बीते कुछ महीनों में ही यहाँ दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मनीष कुमार राय ने इस गंभीर समस्या की ओर मंत्री का ध्यान खींचते हुए दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निम्नलिखित पुख्ता इंतजाम करने का आग्रह किया:

गति सीमा बोर्ड (Speed Limit Boards) और चेतावनी संकेतक लगाना।

निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था

रात के अंधेरे में विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए हाई-मास्ट लाइटें लगाना।

वाहनों की रफ्तार धीमी करने के लिए रंबल स्ट्रिप व अन्य सुरक्षा उपाय करना।

मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, मिला आश्वासन

बताया जाता है कि मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मौके से ही संबंधित वरीय अधिकारियों से दूरभाष (फोन) पर बात कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री ने आश्वासन दिया कि सड़क सुरक्षा को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है और इस मार्ग पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

मौके पर मौजूद रहे एनडीए के वरिष्ठ नेता

इस दौरान एनडीए के कई प्रमुख चेहरे उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, सदर विधायक बबलू मंडल, जदयू जिला अध्यक्ष अनुराधा कुशवाहा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, जिला महामंत्री डॉ. इंदु भूषण कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष प्रमोद शाह, जितेंद्र यादव, जदयू प्रदेश सचिव सुमित कुमार सिंह, सांसद के निजी सचिव विकास कुमार सिंह आदि शामिल थे‌।

शेयर
error: Content is protected !!