लाइव खगड़िया : पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, संगठन की मजबूती और उनके कल्याणकारी मुद्दों को लेकर बिहार पत्रकार श्रमजीवी यूनियन (खगड़िया इकाई) के कार्यकारिणी की एक अहम बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने की, जिसमें जिले के पत्रकारों की सुरक्षा और एकजुटता को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए।
सुरक्षा और पहचान: हर पत्रकार का होगा सामूहिक बीमा
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा करना यूनियन की प्राथमिक जवाबदेही है। उन्होंने एक बड़ा एलान करते हुए कहा कि
“संगठन से जुड़े सभी पत्रकारों को जल्द ही यूनियन द्वारा आधिकारिक परिचय पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, फील्ड में जोखिम उठाकर काम करने वाले सभी पत्रकारों के लिए सामूहिक बीमा (Group Insurance) की व्यवस्था भी की जाएगी।”
संकट में साथ और एकजुटता पर बल
यूनियन के संयुक्त सचिव सिकन्दर आजाद वक्त ने पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की रक्षा के लिए यूनियन जल्द ही एक नया प्रस्ताव लाएगी, जिसके तहत किसी भी आपदा या विपदा की स्थिति में संगठन पूरी मजबूती से पत्रकार के साथ खड़ा रहेगा। आजाद ने पत्रकारों के बीच आपसी एकता को समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया। वहीं, महासचिव शशि भूषण कुमार ने संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी लाने के लिए जल्द ही पत्रकारों की एक आम बैठक बुलाने की बात कही।
कोष और संगठन को मजबूत करने की कवायद
बैठक के दौरान यूनियन के उपाध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने पत्रकारों के गंभीर सवालों पर ठोस कदम उठाने की मांग की। वहीं, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार ने संगठन की आर्थिक स्थिति (कोष) को मजबूत करने पर बल दिया, ताकि भविष्य में पत्रकार कल्याण के कार्यों को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
28 जून को अगली बड़ी बैठक
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 28 जून को खगड़िया में पुनः कार्यकारिणी समिति की बैठक होगी, जिसमें पत्रकारों के ज्वलंत सवालों और भावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में मुख्य रूप से रवि शंकर कुमार, रणवीर कुमार सिंह, विनोद कुमार सिन्हा सहित जिले के कई वरिष्ठ व युवा पत्रकार उपस्थित थे। सभी ने एक सुर में पत्रकार एकता और संगठन की मजबूती का संकल्प लिया।






