Breaking News
IMG 20260515 225614
Oplus_16908288

कटिहार की ‘वीर-जारा’: जब 60 साल के दूल्हे के लिए पूरी दुनिया से भिड़ गई 25 साल की दुल्हन

लाइव खगड़िया : बिहार के कटिहार जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। मनिहारी प्रखंड के बाघमारा पंचायत में 60 वर्षीय रिक्शा चालक और 25 वर्षीय युवती ने समाज की बंदिशों को किनारे कर एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। पंचायत की मौजूदगी में हुई यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिक्शे के सफर से शुरू हुआ ‘इश्क

जानकारी के अनुसार, बाघमारा निवासी 60 वर्षीय सुग्रीम पासवान रिक्शा चलाकर अपना जीवन यापन करते हैं। करीब दो साल पहले 25 वर्षीय युवती उनके रिक्शे पर सवारी के तौर पर मिली थी। इसी आवाजाही के दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उम्र के लंबे फासले के बावजूद दोनों में प्रेम हो गया।

आधी रात को ग्रामीणों ने मारा ‘छापा

बीती रात जब सुग्रीम पासवान युवती से मिलने उसके घर पहुंचे, तो ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। देखते ही देखते ग्रामीणों ने घर को घेर लिया और दोनों को एक साथ पकड़ लिया। गांव में हंगामा शुरू हो गया और मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई।

“खबरदार! मेरे आदमी को हाथ न लगाना

पंचायत के दौरान जब ग्रामीणों ने सुग्रीम का विरोध करना शुरू किया, तो युवती पूरी मजबूती से अपने प्रेम के पक्ष में खड़ी हो गई। उसने दो टूक शब्दों में गांव वालों से कहा, “ये अपनी मर्जी से नहीं आए हैं, इन्हें मैंने बुलाया है। मेरे आदमी को किसी ने हाथ लगाया तो अंजाम बुरा होगा।”

बुजुर्गों ने युवती को उम्र के अंतर का वास्ता देकर काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वो अपनी जिद पर अड़ी रही। उसने स्पष्ट कर दिया कि वह अब सुग्रीम के साथ ही अपनी जिंदगी बिताएगी।

पंचायत में हुआ सिंदूर दान

काफी देर तक चले हंगामे, बहस और स्थानीय राजनीति के बीच आखिरकार पंचायत को झुकना पड़ा। युवती के अडिग फैसले को देखते हुए ग्रामीणों ने भी सहमति दे दी। इसके बाद पंचायत के बीचों-बीच सुग्रीम पासवान ने युवती की मांग में सिंदूर भरा और दोनों को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया गया।

अनोखी शादी की चर्चा पूरे इलाके में है. सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. कुछ लोग इसे प्यार की मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे हैरानी भरा फैसला कह रहे हैं. गांव के लोग भी इस शादी को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. कोई कह रहा है कि प्यार उम्र नहीं देखता, तो कोई इसे किस्मत का खेल बता रहा है.

गांव की चौपाल से लेकर शहर की चाय की दुकानों तक चर्चा

इश्क की कोई उम्र नहीं होती. इस शादी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि प्यार वाकई उम्र, रूप और सामाजिक मान्यताओं की सीमाओं से परे हो सकता है. वायरल वीडियो ने इस प्रेम कहानी को दूर-दूर तक पहुंचा दिया है. कटिहार की यह शादी सोशल मीडिया पर लोगों के लिए चर्चा, हैरानी का विषय बनी हुई है.

Check Also

IMG 20260504 101209

आधी रात को जलसमाधि, ढह गया विक्रमशिला सेतु का पिलर

आधी रात को जलसमाधि: ढह गया विक्रमशिला सेतु का पिलर

error: Content is protected !!