लाइव खगड़िया : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण ईंधन की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को कम करने के लिए देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील के बाद बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिले में ईंधन की बचत को लेकर एक नई पहल की शुरुआत की गई है। जिले में प्रत्येक शुक्रवार को “No Vehicle Day” घोषित किया गया है।

इस क्रम में खगड़िया जिलाधिकारी (DM) नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक (SP) राकेश कुमार शुक्रवार को अपने आवास से समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) के लिए साइकिल से रवाना हुए। जिले के इन दो शीर्ष अधिकारियों को साइकिल चलाते देख सड़कों पर लोग न केवल हैरान हुए, बल्कि इस पहल की सराहना भी की। उधर जिले के अन्य वरीय अधिकारी भी शुक्रवार को साइकिल से अपने -अपने कार्यालय पहुंचे।
क्या है पूरा मामला?
जिलाधिकारी द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले में प्रत्येक शुक्रवार को “No Vehicle Day” घोषित किया गया है। इस आदेश का उद्देश्य वर्तमान भू-राजनीतिक परिदृश्य में मितव्ययिता (Econonmy) बरतने और ईंधन संरक्षण को बढ़ावा देना है।
आदेश की मुख्य बातें
अनिवार्यता: जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे शुक्रवार को साइकिल से या पैदल ही कार्यालय आएं।
छूट: केवल विशेष परिस्थितियों, जैसे विधि-व्यवस्था बनाए रखने या अत्यंत महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों के निष्पादन के लिए ही वाहन के उपयोग की अनुमति होगी।
जनभागीदारी: अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वे आम जनता को भी इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
अधिकारियों ने पेश की मिसाल
अक्सर देखा जाता है कि सरकारी आदेश केवल फाइलों तक सीमित रह जाते हैं, लेकिन खगड़िया में स्थिति अलग दिखी। खुद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने साइकिल चलाकर यह संदेश दिया कि नियमों का पालन सबसे पहले नेतृत्व करने वालों को करना चाहिए।
“यह पहल केवल एक दिन की सांकेतिक कार्रवाई नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए ईंधन बचाने और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने की दिशा में एक छोटा सा कदम है। हम चाहते हैं कि जिले का हर नागरिक इसमें अपना सहयोग दे।”
— जिला प्रशासन, खगड़िया
बताया जाता है कि इस मुहिम से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि यह सरकारी बाबुओं और अधिकारियों की सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। सोशल मीडिया पर भी अधिकारियों के पहल की चर्चाएं हो रही है।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
