लाइव खगड़िया : शहर के आवास बोर्ड स्थित राजमाता माधुरी देवी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के सभागार में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज परिवार ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

“आजादी के लिए 80 की उम्र में लिया अंग्रेजों से लोहा”
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत ने बाबू वीर कुंवर सिंह के अदम्य साहस की चर्चा की। उन्होंने कहा कि “बाबू वीर कुंवर सिंह ने 80 वर्ष की आयु में भी अंग्रेजों की दासता स्वीकार नहीं की और अपनी वीरता से ब्रिटिश साम्राज्य की नींव हिला दी। आज हम जो आजादी की सांस ले रहे हैं, वह ऐसे ही वीर सपूतों की कुर्बानी का परिणाम है।” वहीं
प्राचार्य ने आगे जोर देते हुए कहा कि अपने राष्ट्र को परम वैभव (शिखर) पर ले जाने के लिए ईमानदारी से कार्य करना ही आज के समय की सच्ची देशभक्ति है।
शिक्षकों और छात्रों ने दी श्रद्धांजलि
जयंती समारोह के दौरान कॉलेज के शैक्षणिक और गैर – शैक्षणिक कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु छात्र – अध्यापकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कुंवर सिंह की जीवनी और उनके संघर्षों पर प्रकाश डाला। वहीं
प्रोफेसर शशि भूषण, हरीकिशोर ठाकुर, सत्येंद्र कुमार राम, संदीप, प्रदीप और विक्रम ने उनके शौर्य को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मौके पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को साझा किया। आयोजन से पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और बाबू वीर कुंवर सिंह की गौरव गाथा से गुंजायमान रहा।
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform
