लाइव खगड़िया : जिले के पसराहा थाना क्षेत्र के बगुलबा ढ़ाला भरतखंड हाल्ट के नजदीक गड्ढे से बुधवार को बरामद स्कार्पियो ड्राइवर का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के खुश्किबाग निवासी लक्ष्मण पासवान के रूप में हुआ था. इस हत्याकांड का उद्भेदन खगड़िया पुलिस ने कर दिया है और साथ ही हत्या में शामिल एक अपराधी को भी पुलिस ने पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया है.
मीडियाकर्मियो को मामले की जानकारी देते हुए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक मीनू कुमारी ने बताया कि जिले के परबत्ता के भरतखंड निवासी राकेश कुमार ने फोन पर पूर्णिया के खुश्कीबाग निवासी स्कार्पियो चालक से बात कर नवगछिया जाने के लिए गाड़ी भाड़े पर बुक कराया था. जिसके उपरांत नवगछिया जाने के क्रम में पसराहा के समीप स्कार्पियो सवार अपराधियों के द्वारा स्कार्पियो लूटने का प्रयास किया गया. चालक द्वारा विरोध करने पर अपराधियों ने चाकू घोंप कर उसकी हत्या कर दी और फिर अपराधी स्कार्पियो लेकर फरार हो गया. वहीं एसपी ने बताया कि स्कार्पियो चालक लक्ष्मण पासवान से नवगछिया के नाम पर गाड़ी बुक कराने वाला अपराधी राकेश कुमार भी चालक ही था. जो पूर्णिया में रहकर ड्राइवर का काम करता था.
मौके पर पुलिस अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि तकनीकी आधार पर हत्या में शामिल पूर्णिया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांदवाड़ी निवासी अमरनाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. जबकि हत्याकांड का मास्टरमाइंड राकेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. दूसरी तरफ पुलिस की बढ़ती दबिश पर अपराधियों ने लूटी गई स्कार्पियों को जिले के परबत्ता प्रखंड के अगुवानी-नारायणपुर मार्ग के लगार जीएन बांध पर छोड़ दिया था. जिसे पुलिस ने शुक्रवार को बरामद कर लिया है.
Live Khagaria Hyper Local Digital News Platform

